यूपी में अन्नदाताओं पर आफत का हमला,एक्शन में सीएम योगी,अफसरों को दिए सख्त आदेश
यूपी में अन्नदाताओं पर आफत का हमला,एक्शन में सीएम योगी,अफसरों को दिए सख्त आदेश

09 Apr 2026 |   28



 

लखनऊ।उत्तर प्रदेश में अप्रैल महीने में चिलचिलाती धूप होनी चाहिए,लेकिन बेमौसम बारिश और तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि हो रही है,जहां लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है तो वहीं खेतों में खड़ी मेहनत पर पानी फिर गया है।खासकर गेहूं की फसल,जिसकी इस समय कटाई हो रही थी।कई जिलों से जो तस्वीरें सामने आई हैं,वे अन्नदाताओं के दर्द को साफ बयां कर रही हैं।कहीं खेतों में पानी भरा है,तो कहीं ओलों से सुनहरी बालियां जमीन पर गिर गई हैं।

कुछ दिन पहले तक अन्नदाता अच्छी पैदावार की उम्मीद में थे,अब नुकसान का लगा रहे हिसाब

कुछ दिन पहले तक अन्नदाता अच्छी पैदावार की उम्मीद में जुटे थे,अब नुकसान का हिसाब लगा रहे हैं।लखनऊ के निगोहा इलाके समेत कई जगहों से खबरें हैं कि बारिश और ओलावृष्टि ने खड़ी और कटी फसल को नुकसान पहुंचाया है, जिन खेतों में कटाई हो चुकी थी,वहां भीगने से गेहूं के दाने काले पड़ने का खतरा बढ़ गया है,जिन खेतों में फसल अभी खड़ी थी,वहां ओलों ने बालियों को झुका दिया या पूरी तरह गिरा दिया।

40 फीसदी तक नुकसान की आशंका

किसानों का कहना है कि इस बार करीब 40 फीसदी तक नुकसान की आशंका है।यह सिर्फ आंकड़ा नहीं,बल्कि उनके पूरे साल की मेहनत और उम्मीदों पर पड़ा गहरा असर है।कई किसानों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण कटाई का काम ठप पड़ गया है।मजदूर खाली बैठे हैं और मशीनें खेतों में नहीं उतर पा रहीं,इससे फसल का नुकसान और बढ़ने की आशंका है।

सीएम योगी ने लिया संज्ञान 

बेमौसम बारिश ने फसलों को ही नहीं अन्नदाताओं की मानसिक हालत को प्रभावित किया है।एक तरफ कर्ज और लागत का दबाव है तो दूसरी तरफ पैदावार घटने का डर है।ऐसे में अन्नदाताओं के सामने आने वाले समय को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है।इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसको गंभीरता से लिया है।लगातार हो रही बारिश और ओलावृष्टि पर चिंता जताते हुए सीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे फील्ड में सक्रिय रहें और किसानों के संपर्क में बने रहें। सीएम ने साफ कहा है कि इस आपदा का असर किसानों पर न्यूनतम होना चाहिए और हर प्रभावित व्यक्ति तक राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

सभी डीएम से मांगी रिपोर्ट

सीएम योगी ने सभी जिलाधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।साथ ही उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे खुद गांवों में जाकर स्थिति का जायजा लें,सिर्फ कागजों पर नहीं,बल्कि जमीन पर जाकर नुकसान का वास्तविक आकलन किया जाए।राजस्व विभाग,कृषि विभाग और बीमा कंपनियों को संयुक्त रूप से सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं,ताकि मुआवजा प्रक्रिया में देरी न हो।सरकार की ओर से यह भी सुनिश्चित करने की बात कही गई है कि जिन किसानों की फसल बर्बाद हुई है,उन्हें समयबद्ध तरीके से मुआवजा मिले।सीएम ने यह भी कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।राहत कार्यों में तेजी लाने के लिए अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है।

20 लोगों की मौत, 33 पशुओं की गई जान 

सिर्फ फसल नुकसान ही नहीं, बल्कि इस दौरान हुई जनहानि और पशुहानि को भी गंभीरता से लिया गया है।पिछले एक हफ्ते में यूपी में अति वर्षा और आकाशीय बिजली से लगभग 20 लोगों की मौत,12 लोग घायल और 33 पशुओं की मौत की खबर सामने आई है।इन सभी मामलों में सीएम योगी के निर्देश के बाद जिलाधिकारियों ने पीड़ित परिवारों को मुआवजा वितरित करना शुरू कर दिया है।सीएम ने यह भी कहा है कि जिन परिवारों के घर इस आपदा में क्षतिग्रस्त हुए हैं,उन्हें प्राथमिकता के आधार पर मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत घर उपलब्ध कराया जाएगा।वहीं कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को जल्द से जल्द सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

 

More news