भाजपा विधायक विनोद सिंह ने बाहुबली सोनू-मोनू को दी चेतावनी,योगी की सरकार है,घर पर बुलडोजर चलेगा,जानें क्या है मामला
भाजपा विधायक विनोद सिंह ने बाहुबली सोनू-मोनू को दी चेतावनी,योगी की सरकार है,घर पर बुलडोजर चलेगा,जानें क्या है मामला

05 Jul 2024 |  219




सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में आजकल दो नेता आमने-सामने आ गए हैं।दोनों नेता एक-दूसरे के खिलाफ आग बबूला हैं और जमकर बयानबाजी कर रहे हैं।जहां एक तरफ बाहुबली पूर्व विधायक समाजवादी पार्टी के नेता चंद्रभद्र सिंह उर्फ सोनू हैं तो दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी के विधायक पूर्व मंत्री विनोद सिंह हैं।सोनू सिंह एक मामले में बीते दिनों जेल से बाहर आए हैं।सोनू सिंह के जेल से बाहर आने के बाद से सुल्तानपुर की राजनीति बारिश के महीने में गरमाई हुई है।

भाजपा विधायक विनोद सिंह ने बीते गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सपा नेता चंद्रभद्र सिंह उर्फ सोनू और उनके छोटे भाई ब्लॉक प्रमुख यशभद्र सिंह उर्फ मोनू पर आरोप लगाते हुए कहा है कि ये लोग आपराधिक प्रवृत्ति के हैं।इनका लंबा-चौड़ा आपराधिक इतिहास है,इनका जेल से पुराना नाता है,सूबे में योगी महाराज की सरकार है,इनके घर पर बुलडोजर चलेगा।

बता दें कि सुल्तानपुर सदर से भाजपा विधायक पूर्व मंत्री विनोद सिंह सपा नेता सोनू सिंह द्वारा दिये गए एक बयान को सुनकर नाराज हैं।विनोद सिंह के धुर विरोधी इसौली से पूर्व विधायक बाहुबली चंद्रभद्र सिंह उर्फ सोनू ने विनोद सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा था कि उनपर और उनके भाई मोनू के खिलाफ विधायक विनोद सिंह राजनीतिक षड्यंत्र कर फर्जी मुकदमे दर्ज करवाते हैं।सोनू सिंह ने ये भी आरोप लगाया कि विनोद सिंह के पास कोई काम नहीं है बस वो यही करते रहते हैं कि कैसे सोनू-मोनू को फंसाया जाए।उन्हें जनता और जनता से जुड़े कामों से कोई मतलब नहीं है।सोनू सिंह के मीडिया में दिए इस बयान से नाराज भाजपा विधायक विनोद सिंह ने सोनू-मोनू के घर पर बुलडोजर चलवाने तक की धमकी दे डाली।

मालूम हो कि बीते 28 जून को चंद्रभद्र सिंह उर्फ सोनू के गांव मायंग के पूर्व प्रधान रामदेव निषाद के बड़े भाई जगदेव निषाद अपने साथी विनय यादव के साथ सुल्तानपुर शहर आए थे। दोपहर जब वो वापस अपने घर लौट रहे थे तभी अचानक गोसाईगंज थाना क्षेत्र के महिलो तिराहे का पास उनकी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खेत में जा पलटी,जिसमें जगदेव और साथी विनय यादव घायल हो गए।दोनों को जिला अस्पताल लाया गया,जहां उनकी हालत नाजुक देख दोनों को लखनऊ रेफर कर दिया गया।इलाज के दौरान जगदेव निषाद की मौत हो गई।

भाई की मौत के बाद पूर्व प्रधान रामदेव निषाद ने पुलिस से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि उनके ही गांव के रहने वाले बाहुबली पूर्व विधायक सोनू सिंह, उनके भाई मोनू सिंह और साथियों ने मिलकर प्रधानी के चुनाव की रंजिश में उनके बड़े भाई जगदेव निषाद की रोड एक्सीडेंट करवाकर हत्या करा दी है।मुकदमा दर्ज न होने तक परिजनों ने मृतक जगदेव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था,जिसके बाद पुलिस ने मामला गंभीर होता देख पूर्व प्रधान की तहरीर पर सोनू सिंह और उनके छोटे भाई मोनू सिंह,सूर्य प्रकाश सिंह,मनजीत सिंह आदि के खिलाफ 302, 307 और 120B में मुकदमा दर्ज किया।

हत्या समेत अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किये जाने के बाद मीडिया से बात करते हुए सोनू सिंह ने कहा कि उनका इस घटना से कोई लेना देना नही है।पुलिस ने फर्जी मुकदमा दर्ज किया है।जांच करे और अगर दोषी पाया गया तो एक्शन ले।सोनू सिंह ने सुल्तानपुर सदर से भाजपा विधायक विनोद सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके द्वारा उन्हें और उनके भाई यशभद्र सिंह मोनू को राजनीतिक षड्यंत्र कर फर्जी मुकदमो में फंसाया जाता है।विनोद सिंह के पास कोई काम नहीं है,उन्हें जनता और जनता के कामों से कोई लेना-देना नहीं है, बस उनके पास यही काम है कि कैसे सोनू-मोनू को फंसाया जाए।

इसी को लेकर भाजपा विधायक विनोद सिंह का कहना है कि सोनू और उनके भाई मोनू का लंबा-चौड़ा आपराधिक इतिहास है।ये दोनों आपराधिक प्रवृत्ति के हैं।योगी की सरकार है उनके घर पर बुलडोजर चलेगा।अगर इनका इस मामले में कोई लेना देना नहीं है तो ये इतना घबरा क्यों रहे है।

More news