एक महीने की तक की गई रेकी,अमेठी में रची गई सुल्तानपुर डकैती की साजिश,एक ढेर,चार गिरफ्तार,नौ फरार
एक महीने की तक की गई रेकी,अमेठी में रची गई सुल्तानपुर डकैती की साजिश,एक ढेर,चार गिरफ्तार,नौ फरार

05 Sep 2024 |  51





सुल्तानपुर।उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में सर्राफा कारोबारी भरत सोनी के यहां बीते माह हुई डकैती की पूरी पठकथा अमेठी जिले में रची गई थी।डकैती की वारदात में 14 बदमाश शामिल थे जो अमेठी के अलावा यूपी के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं।इन बदमाशों ने एक महीने तक रेकी की थी।

डकैती की वारदात में पुलिस ने अभी तक एक बदमाश को ढेर कर दिया है,जबकि तीन को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।एक ने रायबरेली कोर्ट में सरेंडर कर दिया।अभी भी 9 बदमाश फरार हैं।अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र का रहना वाला विपिन सिंह डकैती का मास्टरमाइंड है।विपिन सिंह पर हत्या लूट डकैती के 34 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।घटना में जुड़े मुख्य बदमाश समेत चार के तार गुजरात के सूरत बैंक लूट से भी जुड़े हुए हैं।इन सभी बदमाशों ने गुजरात में भी कई बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया था,जिसके बाद गुजरात पुलिस को भी इन बदमाशों की तलाश थी।डकैती की इस वारदात में सबसे अधिक अमेठी जिले के नौ बदमाश शामिल हैं,जबकि पांच अन्य जिलों के रहने वाले हैं।

सुल्तानपुर शहर में भरत जी ज्वैलर्स के यहां हुई डकैती कोई फिल्मी कहानी नहीं,बल्कि हकीकत है। 28 अगस्त को सुल्तानपुर शहर के ठठेरी बाजार में भरत जी सोनी सर्राफा के यहां दिनदहाड़े डकैती की वारदात को बदमाशों ने अंजाम दिया था।पांच नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े सर्राफा कारोबारी से लगभग दो करोड़ से अधिक का सोना-चांदी और नकदी लूटकर फरार हो गए थे।डकैती की वारदात के बाद उत्तर प्रदेश में हड़कंप मचा था।पुलिस दिन दहाड़े हुई इस बड़ी वारदात के बाद लगातार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई थी।एक बदमाश विपिन सिंह ने घटना के तीन दिन बाद रायबरेली न्यायालय में सरेंडर कर दिया,जबकि पांचवें दिन पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घटना में शामिल तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया।आज गुरुवार तड़के मुठभेड़ में एसटीएफ और सुल्तानपुर पुलिस ने एक बदमाश को ढेर कर दिया।पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में अब तक पांच बदमाश ही पुलिस की पकड़ में है, जबकि नौ अभी भी फरार हैं,जिनमें से कई बदमाशों पर पुलिस ने एक लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा है।

डकैती की वारदात का मास्टरमाइंड अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र के चिनगाही गांव का रहने वाला विपिन सिंह पुत्र सोमेंद्र सिंह है।विपिन सिंह पर गुजरात समेत उत्तर प्रदेश के आधा दर्जन से अधिक जिलों में 34 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।डकैती की इस वारदात में अमेठी जिले के नौ बदमाश शामिल थे।इसमें सचिन सिंह पुत्र कुलदीप सिंह अमेठी कोतवाली क्षेत्र के भीमी गांव का रहने वाला है।सचिन सिंह पर सात मुकदमे दर्ज हैं।दूसरा त्रिभुवन कोरी उर्फ लाला पुत्र रामवृक्ष पीपरपुर थाना क्षेत्र के हारीपुर गांव का रहने वाला है। त्रिभुवन कोरी पर दो मुकदमे दर्ज हैं।तीसरा पुष्पेंद्र उर्फ डब्बू पुत्र गोविंद सिंह भीमी गांव का रहने वाला है,चौथा फुरकान उर्फ गुर्जर पुत्र मोहम्मद कैफ मोहनगंज थाना क्षेत्र के चन्दई चिलौली गांव का रहने वाला है। फुरकान पर दो मुकदमे दर्ज हैं।पांचवां अनुज प्रताप सिंह पुत्र धर्मराज मोहनगंज थाना क्षेत्र के जनापुर गांव का रहने वाला है।अनुज प्रताप सिंह पर दो मुकदमे दर्ज हैं,छठा अरबाज पुत्र शान मोहम्मद भी जनापुर गांव का रहने वाला है,सातवां विनय शुक्ल पुत्र रामतीर्थ मोहनगंज थाना क्षेत्र के साहेमऊ गांव का रहने वाला है।विनय शुक्ल पर 11 मुकदमें दर्ज हैं,आठवां विवेक सिंह पुत्र सोमेंद्र सिंह भवानीगढ़ थाना मोहनगंज गांव का रहने वाला है।

सुल्तानपुर में भरत जी सर्राफ के यहां डकैती का फुलप्रूफ प्लान बनाया गया था।इसके लिए तीन ग्रुप बनाए गए थे।पहले ग्रुप में विपिन सिंह,फुरकान,अरबाज,सचिन और पुष्पेंद्र द्वारा भरत जी सर्राफ की दुकान की रेकी की गई थी।इसके बाद डकैती की वारदात का प्लान बनाया गया था।डकैती की वारदात को अंजाम देने के लिए मंगेश यादव ने एक मोटरसाइकिल जौनपुर से चुराई।सुल्तानपुर शहर में चौक भीड़ भाड़ा वाला इलाका था इसलिए अलग-अलग ग्रुप में बदमाशों को रास्ते पर तैनात किया गया।पहले ग्रुप में पुष्पेंद्र,त्रिभुवन और सचिन थे।सचिन ने पुष्पेंद्र की मदद से त्रिभुवन की बोलेरो का इंतजाम किया था।बोलोरो का इस्तेमाल डकैती के बाद लूटे गए माल के साथ बदमाशों को रायबरेली भागना था।दूसरे ग्रुप में विपिन सिंह, विनय शुक्ला,अजय यादव, अरविंद यादव, विवेक सिंह, दुर्गेश प्रताप सिंह थे।इनको लूट वाली जगह के आसपास मौजूद रहकर अपने अन्य साथियों को बैकअप देना था।तीसरे ग्रुप को भरत जी सर्राफ की दुकान में घुसकर डकैती करनी थी,जिसमें फुरकान,अनुज प्रताप, अरबाज, मंगेश यादव और अंकित यादव शामिल थे।

More news