मेरठ।भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मंगलवार को मेरठ से सहारनपुर जाने के दौरान सिवाया टोल प्लाजा पर उनके काफिले के स्वागत के लिए 11 बुलडोजर लाइन से खड़े किए गए थे।भाजपा की जिला इकाई की ओर से भव्य स्वागत की तैयारियों के साथ संगीत सोम समेत तमाम नेता मौजूद थे।इसके बावजूद नितिन नवीन का काफिला बिना रुके आगे निकल गया।नितिन नवीन का स्वागत बुलडोजर लेकर करने की मंशा संगीत सोम समेत तमाम नेताओं की धरी की धरी रह गई।भाजपा नेता-कार्यकर्ता इंतजार करते रह गए।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने ये कहा
जिलाध्यक्ष हरवीर पाल का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष को एक अति आवश्यक बैठक के लिए जल्द ही दिल्ली वापस जाना था।इस कारण बिल्कुल अंतिम समय में औघड़नाथ मंदिर और सिवाया टोल प्लाजा के कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया था।
प्रबुद्धजनों के साथ चाय पर चर्चा कार्यक्रम में शामिल होने के बाद नितिन नवीन सहारनपुर के लिए हुए रवाना
मंगलवार सुबह प्रबुद्धजनों के साथ चाय पर चर्चा कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सड़क मार्ग से भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहारनपुर के लिए रवाना हुए।इस दौरान मेरठ-देहरादून हाईवे पर सिवाया टोल प्लाजा पर नितिन नवीन के स्वागत के लिए एक विशेष और भव्य कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई थी।भाजपा जिलाध्यक्ष हरवीर पाल के नेतृत्व में पूर्व विधायक संगीत सोम,जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी,पूर्व एमएलसी हरपाल सैनी,भाजपा नेता देवेन्द्र गुर्जर,समय सिंह सैनी आदि की ओर से कार्यकर्ताओं ने नितिन नवीन के स्वागत की तैयारी में कोई कसर नहीं छोड़ी थी।
सिवाया टोल प्लाजा पर एक भव्य स्वागत मंच सजाया गया था और नितिन नवीन काफिले के स्वागत के लिए 11 बुलडोजर लाइन से खड़े किए गए थे।जैसे ही नितिन नवीन का काफिला टोल प्लाजा पर पहुंचता इन बुलडोजरों के जरिए उनके ऊपर फूलों की वर्षा की जानी थी।तयशुदा कार्यक्रम और भारी इंतजार के बावजूद सुरक्षा कारणों या समयाभाव के चलते नितिन नवीन का काफिला सिवाया टोल प्लाजा पर बिना रुके सीधे सहारनपुर की ओर निकल गया।
हाथ हिलाकर अभिवादन करते हुए निकल गए नितिन नवीन
भाजपा जिलाध्यक्ष हरवीर पाल के मुताबिक सिवाया टोल पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मेरठ से सहारनपुर जाते हुए कार्यकर्ताओं का हाथ हिलाकर अभिवादन किया।हर कार्यकर्ता को सम्मान दिया।समय आभाव में स्वागत कार्यक्रम को अंतिम समय में स्थगित करना पड़ा।
पूर्व जनप्रतिनिधियों और मौजूदा पदाधिकारियों संग अलग-अलग बैठक
इससे पहले भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने अंबाला रोड पर रिसॉर्ट में दो अलग-अलग बैठकों में हिस्सा लिया।पहली बैठक में पश्चिमी यूपी के पूर्व जनप्रतिनिधि और पूर्व पदाधिकारी शामिल हुए।दूसरी बैठक मौजूदा संगठन के पदाधिकारियों के साथ हुई।बैठक में संगठन की जमीनी स्थिति और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर फीडबैक लिया गया।इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल भी मौजूद रहे।
रविदास मंदिर में पूजन,दलित कार्यकर्ता के घर भोजन
इन बैठकों के बाद नितिन नवीन ओजपुरा पहुंचे।यहां नितिन नवीन गुरु रविदास मंदिर में पूजन किया और दलित कार्यकर्ता के घर भोजन किया।संत रविदास के विचारों को सामाजिक समरसता से जोड़ते हुए नितिन नवीन ने सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने की बात कही। नितिन नवीन के आने से पहले औजपुरा की गलियों में खूब चहल-पहल दिखी।कई लोग घरों के बाहर हाथ में भाजपा का झंडा लेकर खड़े रहे। काफिला पहुंचते ही लोगों ने वंदेमातरम और भारत माता के जयकारे लगाकर स्वागत किया।
योगी के नेतृत्व में भाजपा तीसरी बार बनाएगी सरकार
देवबंद के रोहना टोल प्लाजा पर पीडब्लयूडी राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर नितिन नवीन का स्वागत किया। कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि विधानसभा चुनाव के लिए एकजुट होकर काम करें। नितिन नवीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा तीसरी बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अपना परचम लहराएगी।भाजपा सरकार ने प्रदेश में विकास और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
प्रबुद्धजन से बोले,विकास के लिए आपका सहयोग जरूरी
मंगलवार को सहारनपुर रवाना होने से पहले होटल दि मार्स में प्रबुद्धजनों के साथ चाय पर चर्चा की। इस दौरान नितिन नवीन ने कहा कि देश और प्रदेश के विकास में प्रबुद्ध नागरिकों और उद्योगपतियों की भूमिका सबसे अहम होती है। नितिन नवीन ने देश की आर्थिक प्रगति और युवाओं के लिए अधिक से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करने पर विशेष जोर दिया।
नितिन नवीन बारी-बारी से सभी टेबल पर पहुंचे।न केवल सभी का परिचय लिया बल्कि उनसे विस्तृत संवाद भी किया। नितिन नवीन ने मेरठ के आतिथ्य की सराहना की और विश्वास जताया कि मेरठ का प्रबुद्ध वर्ग देशहित में अपनी और अधिक प्रभावी भूमिका निभाता रहेगा। चर्चा के दौरान नितिन नवीन ने इस बात पर जोर दिया कि देश को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए केवल सरकारी नीतियों पर निर्भर रहने के बजाय निजी क्षेत्रों और उद्योगपतियों को भी आगे आना होगा।नितिन नवीन ने प्रबुद्ध वर्ग से आह्वान किया कि वे ऐसे क्षेत्रों की पहचान करें जहां अधिक से अधिक रोजगार के अवसर पैदा किए जा सकें, ताकि स्थानीय युवाओं को पलायन न करना पड़े और वे अपने ही शहर में रहकर देश की तरक्की में योगदान दे सकें।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध कवि डॉ. हरिओम पंवार, उद्यमी अतुल गुप्ता, अजय गुप्ता वासु, डॉ. तनुराज सिरोही, कमल ठाकुर, डॉ. रोहित रविन्द्र आदि के साथ मेरठ के जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।