अलकायदा मॉड्यूल से जुड़े आतंकी नबील को एटीएस ने किया गिरफ्तार,गजवा-ए-हिंद प्लान पर कर रहा था काम
अलकायदा मॉड्यूल से जुड़े आतंकी नबील को एटीएस ने किया गिरफ्तार,गजवा-ए-हिंद प्लान पर कर रहा था काम

12 Sep 2026 |   32



 

आजमगढ़।आतंकी संगठन अलकायदा इन इंडियन सब-कॉन्टिनेंट (AQIS) की विचारधारा का सोशल मीडिया के जरिए प्रचार करने के आरोप में उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (यूपी एटीएस) ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान 19 वर्षीय मोहम्मद नबील पुत्र मोहम्मद दानिश,निवासी चितारा महमूदपुर, थाना दीदारगंज, आजमगढ़ के रूप में हुई है।

यूपी एटीएस को मिली सूचना 

यूपी एटीएस को सूचना मिली थी कि नबील सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर अन्य लोगों के साथ मिलकर देश विरोधी गतिविधियों की साजिश कर रहा है।आरोप है कि वह अलकायदा के आतंकी अनवर उल अवलाकी की विचारधारा से प्रभावित था और व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए युवाओं को अपने साथ जोड़ने का प्रयास कर रहा था।एटीएस के अनुसार ग्रुप में जम्मू-कश्मीर के युवाओं के साथ विदेशी लोग भी जुड़े हुए थे।

अलकायदा की विचारधारी वाली सामग्री मिली

जांच में सामने आया कि नबील ने अरबी भाषा में ला गालिब-इल्लल्लाह नाम से व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया था। एटीएस का दावा है कि वह ग्रुप में जुड़े सदस्यों को मुजाहिद कहकर संबोधित करता था।जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन से AQIS की विचारधारा से संबंधित सामग्री मिलने की बात भी कही गई है। एटीएस के मुताबिक नबील ने ग्रुप में अनवर उल अवलाकी की किताब जेहाद करने के 44 तरीके साझा की और सदस्यों से इसे पढ़ने की अपील की।इसके अलावा AQIS के पूर्व प्रमुख और आतंकी मौलाना आसिम उमर की किताब तीसरी जंग-ए-अजीम और दज्जाल भी साझा किए जाने की जानकारी मिली है।

फ्लेम ऑफ वॉर समेत कई व्हाट्सऐप ग्रुपों से जुड़ा

यूपी एटीएस के मुताबिक नबील ‘Flames of War’ समेत कई अन्य व्हाट्सऐप ग्रुपों से भी जुड़ा था,जिनमें बांग्लादेश, म्यांमार और सऊदी अरब समेत अलग-अलग देशों के लोग शामिल थे।जांच एजेंसी का दावा है कि इन ग्रुपों में अलकायदा की विचारधारा का प्रचार किया जा रहा था। एटीएस ने यह भी आरोप लगाया है कि नबील ने पाकिस्तान,तुर्की और बांग्लादेश जाकर ट्रेनिंग लेने तथा बम बनाने की योजना से संबंधित बातचीत की थी। उसके मोबाइल से बम बनाने की विधि से जुड़े वीडियो और पोटैशियम नाइट्रेट हासिल करने संबंधी बातचीत मिलने की बात कही गई है।

गजवा-ए-हिंद की योजना बनाने का आरोप

इसके अलावा पाकिस्तान के साथ मिलकर भारत में गजवा-ए-हिंद की योजना बनाने का भी आरोप है।मामले में थाना एटीएस लखनऊ में मुकदमा संख्या 14/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं और विधि विरुद्ध क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।

More news