ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी
लखनऊ।उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की 91 वर्षीय मां इंद्रावती की घर में हत्या पर पूर्व मुख्यमंत्री बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने यूपी की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। मायावती ने योगी सरकार से घटना का गंभीरता से संज्ञान लेकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मायावती ने एक्स पर लिखा...
पूर्व सीएम मायावती ने सोमवार को एक्स पर पोस्ट कर कहा कि अंबेडकरनगर में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की बुजुर्ग मां की हत्या बेहद दुखद और प्रदेश की कानून-व्यवस्था के लिहाज से चिंताजनक है। मायावती ने कहा कि जब हत्या जैसी जघन्य घटना पुलिस अधिकारी के परिवार के साथ हो सकती है तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर आशंका होना स्वाभाविक है।मायावती ने योगी सरकार से दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
आईपीएस की मां की घर में हुई हत्या
बता दें कि राजधानी लखनऊ में पुलिस हेडक्वार्टर में एसपी पद पर तैनात आशुतोष मिश्रा की मां इंद्रावती अंबेडकरनगर जिले के मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा धमरुआ गांव में पैतृक आवास में रहती थीं।रविवार दोपहर नौकरानी घर पहुंची तो अंदर इंद्रावती का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। नौकरानी ने शोर मचाया और घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही अंबेडकरनगर की एसपी प्राची सिंह समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
पुलिस ने तीन संदिग्धों को लिया हिरासत में
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।पुलिस मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। सर्विलांस टीम घटनास्थल के आसपास सक्रिय मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है।साथ ही आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।परिजनों के मुताबिक इंद्रावती के गले में सोने की चेन,सोने से जड़ित तुलसी की माला,नाक की कील,टॉप्स और पायल रहती थी। घटना के बाद इनमें से कई जेवर गायब मिले हैं। इससे लूट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।
हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
अंबेडकरनगर की एसपी प्राची सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी।एसपी ने कहा कि लूट की बात अभी स्पष्ट नहीं है। यह भी संभव है कि इंद्रावती की मौत के बाद आसपास के किसी व्यक्ति ने जेवर निकाल लिए हों। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
इंद्रावती के मुंह में ठुंसा था कपड़ा
नौकरानी ने पुलिस को बताया कि इंद्रावती के मुंह में कपड़ा ठुंसा हुआ था।शव मिलने की सूचना उनके चाचा सचिंद्र मिश्र ने आशुतोष मिश्रा को फोन पर दी। उस समय आशुतोष लखनऊ में थे।सूचना मिलते ही वह पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए।दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।