गोरखपुर।हाथों में तिरंगा,जुबां पर भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे..।सोमवार को हर घर तिरंगा अभियान के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गोरखपुर में निकाली गई तिरंगा यात्रा में हर वर्ग के लोगों का बड़ा हुजूम उमड़ा।सीएम की अगुवाई में निकली तिरंगा यात्रा ने पूरे शहर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
नगर निगम के रानी लक्ष्मीबाई पार्क में लोगों को संबोधित करने के बाद सीएम योगी ने तिरंगा फहराकर इस यात्रा की शुरूआत किया तो यह कारवां इतना लंबा और इतना विशाल नजर आ रहा था कि मानो पूरे गोरखपुर के लोग इस अभियान के साथ जुड़ गए हों।रास्ते में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
सीएम योगी ने कहा कि तिरंगा क्रांतिकारियों और स्वाधीनता सेनानियों के त्याग और बलिदान की अमिट पहचान है। राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान करना हर नागरिक का दायित्व होना चाहिए। सीएम ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं,बल्कि देश के प्रति हमारे सम्मान और समर्पण का प्रतीक है।
सीएम योगी ने कहां कि जिस तिरंगे को हम सभी राष्ट्रीय ध्वज के रूप में सम्मान के साथ आज अपने घरों की छत पर फहरा रहे हैं,वह सम्मान पाने में देश के नागरिकों को काफी वक्त बिताना पड़ा है। सीएम ने कहा कि यह अवसर तब मुमकिन हो पाया जब फ्लैग कोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2022 में परिवर्तन करते हुए ससम्मान इसे हर घर पर फहराने का अधिकार दिया,जबकि कांग्रेस और अन्य सरकारों में लोग इसकी मांग करते रहे और उनके हाथ निराशा ही लगी।
सीएम योगी ने कहा कि यही वजह है जब भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा अभियान पूरे देश में चल रहा है तो बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल हो रहें हैं। सीएम ने लोगों से अपील किया कि अभियान में शामिल होने के बाद जो तिरंगा आपके हाथ में है उसे अपने घर ले जाइए,वहां उसे ससम्मान फहराइए और उसके साथ एक सेल्फी लेकर उसे अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पोस्ट कर अपना भाव व्यक्त करिए।
सीएम योगी ने कहा कि देश को आजादी आसानी से नहीं मिली।मंगल पांडेय से लेकर रानी लक्ष्मीबाई,तात्या टोपे और गोरखपुर के वीर बंधू सिंह तक अनेक क्रांतिकारियों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। काकोरी और चौरीचौरा की घटनाओं ने स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा देने का काम किया।
सीएम योगी ने कहा कि हमें याद करना होगा कि किस प्रकार लखनऊ के काकोरी में चंद्रशेखर आजाद और उनके क्रांतिकारी साथियों ने मिलकर देश के खजाने को अंग्रेजों से लूटा था,लेकिन यह दुर्भाग्य है कि देश के अंदर यही पढ़ाया जाता रहा है कि काकोरी डकैती की घटना है,जबकि प्रधानमंत्री मोदी जी ने काकोरी ट्रेन की घटना को लूट नहीं एक्शन नाम दिया।
इस दौरान सीएम योगी ने ठाकुर रोशन सिंह, अशफ़ाकउल्ला खान,राजेंद्र नाथ लहिड़ी जैसे क्रांतिकारियों को भी याद किया, जिन्हें फांसी दी गई थी।सीएम ने कहा कि इन क्रांतिकारियों की मूर्तियां पिछली सरकारों में नहीं रखने दी जाती थीं,उनके नाम पर संस्थाओं के नाम और सड़कों के नाम नहीं रखना दिए जाते थे,लेकिन आज इन क्रांतिकारियों को सम्मान दिया जा रहा है।हम लोगों ने इस अभियान का लक्ष्य रखा है 5 करोड़ घरों में तिरंगा लहराने का। 5 करोड़ में घर,इंस्टिट्यूशन,उद्योगों हर जगह राष्ट्रभक्ति और राष्ट्र के प्रति प्रथम भाव के साथ यह कार्य किया जायेगा।
बता दें कि कार्यक्रम की शुरुआत सीएम योगी द्वारा रानी लक्ष्मी बाई के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई,इसके पश्चात सीएम ने महात्मा गांधी,सरदार वल्लभभाई पटेल,डॉ राजेंद्र प्रसाद और महाराणा प्रताप के चित्रों पर भी माल्यार्पण कर देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रनायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान देशभक्ति के गीतों और नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो उठा। सीएम के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा लक्ष्मी बाई पार्क से प्रारंभ होकर काली मंदिर,गोलघर होते हुए रेलवे स्टेशन तक लगभग तीन किलोमीटर तक निकाली गई,इस भव्य यात्रा में स्कूली बच्चों,महिलाओं,युवाओं और शहर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।सभी के हाथों में तिरंगा लहराता नजर आया।