यूक्रेन का रूस पर बड़ा हमला,दो प्रमुख ऑयल रिफाइनरियों को बनाया निशाना,रूसी जहाजों पर भी हमले
यूक्रेन का रूस पर बड़ा हमला,दो प्रमुख ऑयल रिफाइनरियों को बनाया निशाना,रूसी जहाजों पर भी हमले

06 Aug 2026 |   37



 

कीव।यूक्रेन ने गुरुवार को रूस के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़ा हमला करते हुए दो प्रमुख ऑयल रिफाइनरियों को निशाना बनाया है।ये हमले रूसी सीमा के काफी अंदर किए गए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने दावा किया कि यूक्रेनी सेना ने बश्कोर्तोस्तान स्थित बाशनेफ्ट-नोवोइल रिफाइनरी और यारोस्लाव क्षेत्र की स्लावनेफ्ट-यानोस रिफाइनरी पर लंबी दूरी से हमला किया।

ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर कहा कि यूक्रेन की लंबी दूरी की कार्रवाई का उद्देश्य रूस की तेल आय को कम करना है, क्योंकि इसी आय का इस्तेमाल वह युद्ध और यूक्रेनी नागरिकों के खिलाफ हमलों के लिए करता है।

यारोस्लाव क्षेत्र में स्थित स्लावनेफ्ट-यानोस रूस की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरियों में से एक है।यह यूक्रेन की सीमा से सैकड़ों मील दूर और मॉस्को से करीब 274 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है।इस रिफाइनरी में 3,500 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं और इसकी सालाना कच्चे तेल प्रसंस्करण क्षमता लगभग 1.5 करोड़ टन है।यहां कारों के ईंधन,जेट फ्यूल और विभिन्न प्रकार के औद्योगिक तेलों का उत्पादन होता है।

यारोस्लाव क्षेत्र के गवर्नर मिखाइल एव्रायेव ने बताया कि क्षेत्र ने अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला झेला।एयर डिफेंस और इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर सिस्टम ने 93 ड्रोन मार गिराए,हालांकि ड्रोन के मलबे से ऑयल रिफाइनरी के स्टोरेज टैंक में आग लग गई।राहत और बचाव दल मौके पर आग बुझाने में जुटे हैं,इस हमले में कोई मौत नहीं हुई,लेकिन चार लोग घायल हुए हैं।

इस बीच यूक्रेन ने काला सागर में भी रूस की सैन्य गतिविधियों को निशाना बनाया।ज़ेलेंस्की के मुताबिक यूक्रेनी सेना ने रूस की दो सैन्य गश्ती नौकाओं और तथाकथित शैडो फ्लीट के जहाजों पर भी हमला किया।वहीं रूस के हमले में यूक्रेनी गेहूं लेकर जा रहे गिनी-बिसाऊ के झंडे वाले एक विदेशी मालवाहक जहाज पर मिसाइल हमला हुआ,जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। ओडेसा क्षेत्र के गवर्नर ओलेह कीपर के मुताबिक जहाज में आग लग गई थी, जिसके बाद चालक दल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

More news