नोएडा एयरपोर्ट उद्घाटन पर सीएम योगी का बड़ा संदेश,नए भारत का प्रतीक,पीएम मोदी की जमकर तारीफ की
नोएडा एयरपोर्ट उद्घाटन पर सीएम योगी का बड़ा संदेश,नए भारत का प्रतीक,पीएम मोदी की जमकर तारीफ की

28 Mar 2026 |   17



 

नोएडा।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गौतमबुद्ध नगर जिले के के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन कर दिया है।इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता को संबोधित किया और एयरपोर्ट की बधाई दी।सीएम योगी ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन कार्यक्रम को एक ऐतिहासिक क्षण बताया।भारत माता की जय और हर-हर महादेव के नारों के साथ अपना संबोधन शुरू करते हुए सीएम ने कहा कि यह एयरपोर्ट नए भारत के निर्माण की दिशा में एक बड़ा कदम है।

सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दुनिया का सबसे लोकप्रिय और यशस्वी नेता बताया। सीएम ने कहा कि उनके मार्गदर्शन में देश विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर चल रहा है। सीएम ने उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता की ओर से पीएम का स्वागत किया और कहा कि यह मौका उनके प्रति आभार व्यक्त करने का है।

सीएम योगी ने कहा कि जब दुनिया के कई हिस्सों में अव्यवस्था और अस्थिरता है और पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं,तब भारत में स्थिति नियंत्रित है। सीएम ने केंद्र सरकार के एक्साइज ड्यूटी घटाने के फैसले के लिए पीएम मोदी का धन्यवाद किया और इसे आम जनता को राहत देने वाला कदम बताया। सीएम ने कहा कि पिछले 11-12 सालों में देश प्रथम की भावना के साथ जो काम हुए हैं उनका नतीजा आज हर क्षेत्र में दिखाई दे रहा है।

सीएम योगी ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश को विकास में बाधा माना जाता था,लेकिन अब डबल इंजन सरकार की वजह से प्रदेश ने तेजी से विकास किया है और अपनी नई पहचान बनाई है। सीएम ने कहा कि इस एयरपोर्ट का शिलान्यास 25 नवंबर 2021 को हुआ था और आज उसके पहले चरण का उद्घाटन हो रहा है, जो इस बात का उदाहरण है कि काम कितनी तेज गति से हुआ।

सीएम योगी ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट उत्तर भारत के लिए एक बड़ा लॉजिस्टिक्स और कनेक्टिविटी हब साबित होगा। यह यमुना एक्सप्रेसवे,ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा,इसके अलावा भविष्य की हाई-स्पीड रेल परियोजनाओं से भी इसे जोड़ने की योजना है,जिससे यह उत्तर प्रदेश को नई ऊंचाई देगा।

सीएम योगी ने कहा कि इस परियोजना से लाखों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। सेमीकंडक्टर,इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग,एमएसएमई, मेडिकल डिवाइस और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी। सीएम ने कहा कि आने वाले समय में यह एयरपोर्ट एक मल्टी-मॉडल कार्गो हब के रूप में विकसित होगा और उत्तर प्रदेश को सीधे वैश्विक बाजारों से जोड़ेगा। भविष्य में यहां कई रनवे भी विकसित किए जाएंगे,जिससे यह एक बड़े ग्लोबल एयरपोर्ट का रूप लेगा।

सीएम योगी ने उन किसानों का विशेष आभार जताया,जिन्होंने इस परियोजना के लिए अपनी जमीन दी। सीएम ने कहा कि समयबद्ध मुआवजा और पुनर्वास के जरिए किसानों को इस विकास यात्रा से जोड़ा गया है।

अपने संबोधन के अंत में सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उसी संकल्प को साकार करने का प्रतीक है।

More news