नई दिल्ली।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत से बचाने के लिए रेखा गुप्ता सरकार ने तैयारी तेज कर दी है।मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को कहा कि गर्मी के मौसम के दौरान पानी की मांग बढ़ जाती है,जबकि उत्पादन लगभग समान ही रहता है। इस बात को ध्यान में रखते हुए समर एक्शन प्लान तैयार किया गया है ताकि दिल्ली के सभी इलाकों में पर्याप्त पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करते हुए पानी की कमी वाले क्षेत्रों में तुरंत राहत पहुंचाई जा सके और शिकायतों का त्वरित समाधान किया जा सके।
बता दें कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह बातें गुरुवार को दिल्ली सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में कहीं।इस दौरान सीएम रेखा ने दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) के समर एक्शन प्लान-2026 की समीक्षा भी की।
राजधानी में हर दिन 1250 MGD पानी की जरूरत
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली की आबादी लगभग 2.5 करोड़ है और मानक के अनुसार राजधानी को प्रतिदिन लगभग 1,250 मिलियन गैलन प्रतिदिन (एमजीडी) पानी की आवश्यकता होती है,जबकि वर्तमान में लगभग 1,000 एमजीडी पानी उपलब्ध हो रहा है। इस अंतर को ध्यान में रखते हुए गर्मियों के लिए विशेष प्रबंधन किया गया है।
जलाशयों की सफाई का काम हो चुका पूरा
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि समर एक्शन प्लान के तहत दिल्ली के सभी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट्स से अधिकतम जल उत्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही भूमिगत और सतही जलाशयों की सफाई,पंपिंग स्टेशनों की मरम्मत,उपकरणों का रखरखाव और पाइपलाइन लीकेज की निगरानी व मरम्मत जैसे कार्य पहले ही पूरे कर लिए गए हैं, ताकि गर्मियों में जल आपूर्ति बाधित न हो।
जल आपूर्ति में लगे हैं कुल 987 टैंकर
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि पानी की कमी वाले क्षेत्रों में राहत पहुंचाने के लिए टैंकर व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। सीएम रेखा ने बताया कि दिल्ली जल बोर्ड के 168 विभागीय टैंकर और 819 किराए के टैंकर पानी की आपूर्ति के लिए लगाए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर गर्मियों के चरम समय में लगभग 200 अतिरिक्त टैंकर भी किराए पर लिए जाएंगे।
मोबाइल एप व GPS की मदद से रखी जाएगी टैंकरों पर नजर
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि टैंकर व्यवस्था को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए एक ड्राइवर मोबाइल ऐप विकसित किया गया है।इस ऐप के माध्यम से टैंकरों की जीपीएस आधारित निगरानी की जाएगी और पानी की आपूर्ति की फोटो के साथ पुष्टि दर्ज होगी।इससे संबंधित अधिकारी वास्तविक समय में निगरानी कर सकेंगे और नागरिक भी अपने क्षेत्र में भेजे गए टैंकरों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
समर एक्शन प्लान के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग-अलग विस्तृत व्यवस्था तैयार
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि समर एक्शन प्लान के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग-अलग विस्तृत व्यवस्था तैयार की गई है।इसमें कॉलोनी के हिसाब से पानी की आपूर्ति के घंटे,टैंकरों के रूट,पानी की कमी वाले स्थान और संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान शामिल की गई है ताकि जरूरत के अनुसार तुरंत कार्रवाई की जा सके।
हर दिन जांचे जाएंगे पानी के 1600 से ज्यादा सैंपल
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि पानी की गुणवत्ता की नियमित निगरानी भी समर एक्शन प्लान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।दिल्ली जल बोर्ड द्वारा प्रतिदिन लगभग 1600 से 1700 पानी के नमूनों की जांच की जाती है। इसके लिए जल शोधन संयंत्रों पर प्रयोगशालाएं और शहर के विभिन्न हिस्सों में जोनल लैब कार्यरत हैं। इसके अलावा पानी की निगरानी के लिए सैंपलिंग वाहनों की संख्या 12 से बढ़ाकर 18 की जा रही है।
नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए दिल्ली जल बोर्ड का 24×7 कॉल सेंटर सक्रिय
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए दिल्ली जल बोर्ड का 24×7 कॉल सेंटर भी सक्रिय है।लोग 1916 और 1800117118 (टोल-फ्री) नंबर पर किसी भी समय शिकायत दर्ज करा सकते हैं।इसके अलावा एक सेंट्रल कंट्रोल रूम और चैटबॉट प्रणाली के माध्यम से शिकायतों के पंजीकरण और निगरानी को और तेज किया गया है। सीएम रेखा ने बताया कि पानी से जुड़ी आपात स्थितियों से निपटने के लिए दिल्ली में 28 वॉटर इमरजेंसी सेंटर स्थापित किए गए हैं, जो 24 घंटे कार्यरत रहते हैं। इन केंद्रों को पर्याप्त स्टाफ, संचार व्यवस्था और निगरानी प्रणाली से मजबूत किया गया है, ताकि किसी भी समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके।
सरकार का लक्ष्य है कि गर्मियों के दौरान भी दिल्ली के हर नागरिक को स्वच्छ और पर्याप्त पानी उपलब्ध हो
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि गर्मियों के दौरान भी दिल्ली के हर नागरिक को स्वच्छ और पर्याप्त पानी उपलब्ध हो। सीएम रेखा ने बताया कि समर एक्शन प्लान-2026 इसी उद्देश्य से तैयार किया गया है,जिसके माध्यम से पानी की आपूर्ति,निगरानी और शिकायत समाधान की पूरी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
बता दें कि सचिवालय में आयोजित इस बैठक में जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह,मुख्य सचिव राजीव वर्मा,दिल्ली जल बोर्ड के सीईओ कौशल राज शर्मा और सरकार व बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।