सहारनपुर।ईरान,इजरायल और अमेरिका के बीच जारी जंग का असर वैश्विक तेल और गैस सप्लाई चेन पर पड़ता हुआ दिख रहा है।उत्तर प्रदेश के कई जिलों में एलपीजी गैस और पेट्रोल-डीजल की किल्लत की खबरेंआ रही हैं।गैस की किल्लत की खबरों के बीच उपभोक्ता परेशान है।सहारनपुर में एलपीजी उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है।शहर की गैस एजेंसियों पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं।उपभोक्ता सिलिंडर रिफिल कराने के लिए एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं,जिससे वहां भीड़ का माहौल बन गया है।वहीं मेरठ में गैस बुकिंग को लेकर पासी गैस सर्विस पर भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान लोगों ने हंगामा कर दिया।
सहारनपुर जिला प्रशासन का दावा है कि जिले में गैस की पर्याप्त आपूर्ति और स्टॉक उपलब्ध है,लेकिन इसके बावजूद लोग संभावित कमी की आशंका के चलते सिलिंडर भरवाने के लिए एजेंसियों का रुख कर रहे हैं।
गैस एजेंसियों के बाहर सुबह लगभग आठ बजे से ही उपभोक्ताओं की लंबी लाइन नजर आ रही है। कई उपभोक्ता घंटों इंतजार करने के बाद भी अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस खत्म होने की आशंका के कारण वे पहले ही सिलिंडर रिफिल कराने के लिए पहुंच रहे हैं।
उपभोक्ताओं के मुताबिक गैस एजेंसियों द्वारा दिए गए बुकिंग नंबर पर सिलिंडर बुक नहीं हो पा रहा है,जिससे उन्हें बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग प्रक्रिया में आ रही तकनीकी दिक्कतों के कारण परेशानी और बढ़ गई है। ऐसे में उपभोक्ता सीधे एजेंसी पहुंचकर सिलिंडर रिफिल कराने की कोशिश कर रहे हैं।
मेरठ में गैस बुकिंग को लेकर पासी गैस सर्विस पर उमड़ी भीड़,हुआ हंगामा
मेरठ के बॉम्बे बाजार स्थित पासी गैस सर्विस पर गैस सिलिंडर की बुकिंग कराने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लंबा इंतजार और अव्यवस्था के चलते मौके पर हंगामा भी हो गया।
बताया जा रहा है कि गैस बुकिंग और सिलिंडर की आपूर्ति में देरी के कारण बड़ी संख्या में उपभोक्ता एजेंसी पर पहुंच गए। भीड़ बढ़ने से वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और उपभोक्ताओं ने नाराजगी जताई। स्थिति को संभालने के लिए एजेंसी कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं को समझाने का प्रयास किया। गैस बुकिंग और सिलिंडर आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं में काफी चिंता देखी गई।