सुल्तानपुर।उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर में साइबर ठगों ने सुल्तानपुर-अमेठी से भारतीय जनता पार्टी के विधान परिषद सदस्य शैलेंद्र प्रताप सिंह दो मार्च को निशाना बनाया।साइबर ठगों ने करीब डेढ़ घंटे तक डिजिटल अरेस्ट में रखने की कोशिश की।ठगों ने खुद को मुंबई पुलिस और एटीएस का अधिकारी बताकर उन्हें डराने की कोशिश।एमएलसी की तहरीर पर साइबर क्राइम ब्रांच थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।सीओ नगर ने एमएलसी के डिजिटल अरेस्ट की बात को नकारते हुए साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच किए जाने की बात कही है।
एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने दी तहरीर में बताया कि दो मार्च को दोपहर 12.22 बजे से 1.39 बजे के बीच अज्ञात नंबरों से लगातार कॉल आए।कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को एटीएस क्राइम ब्रांच मुम्बई का अधिकारी बताते हुए गंभीर मामलों में फंसाने और तत्काल कार्रवाई की चेतावनी दी। बातचीत के दौरान डिजिटल अरेस्ट का हवाला देकर डराने और पूछताछ के नाम पर लंबी बातचीत की गई।एमएलसी ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।
साइबर क्राइम ब्रांच ने तहरीर के आधार पर कॉल डिटेल की जांच शुरू कर दी है और संदिग्ध नंबरों को ट्रेस किया जा रहा है।सीओ नगर सौरभ सामन्त ने बताया कि एमएलसी को डिजिटल अरेस्ट नहीं किया गया है। साइबर क्राइम ब्रांच थाने में मुकदमा दर्ज कर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।