दो पश्चिमी विक्षोभों से पहाड़ों पर होगी बारिश,जानें दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम
दो पश्चिमी विक्षोभों से पहाड़ों पर होगी बारिश,जानें दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम

13 Feb 2026 |   20



 

नई दिल्ली।फरवरी के महीने में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के साथ एनसीआर में तेज धूप से गर्मी महसूस होने लगी है।बीते 5 दिनों से तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है,जिससे दोपहर में बाहर बैठना मुश्किल हो गया है।मौसम विभाग की मानें तो दो पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 13, 17 और 18 फरवरी को कुछ स्थानों पर बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है।उत्तर पश्चिम भारत के कुछ मैदानी इलाकों में भी 17 और 18 फरवरी को कुछ स्थानों पर गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। हालांकि दिल्ली-एनसीआर में बारिश नहीं होगी।

अभी से दिल्ली में हो रही तेज धूप

फरवरी में दिल्ली-एनसीआर में हल्की सर्दी से लोगों को धूप में बैठना अच्छा लगता है,लेकिन इस बार अभी से धूप बहुत तेज हो रही है।सुबह 11 बजे के बाद ही धूप इतनी तेज हो जाती है कि बाहर बैठना मुश्किल हो जाता है।दिल्ली का तापमान पिछले 5 दिनों से सामान्य से अधिक चल रहा है।मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान और भी बढ़ सकता है।

सामान्य से ज्यादा ही रहेगा तापमान

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले पूरे सप्ताह अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा ही रहेगा।इस हफ्ते 19 दिसंबर तक दिल्ली का तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किए जाने की संभावना है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान में भी उत्तरोत्तर बढ़ोतरी देखी जाएगी। दिल्ली में शनिवार को हवा की स्पीड 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा तक देखी जा सकती है। रविवार को हवा की स्पीड थोड़ी कम रहेगी। यह 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रिकॉर्ड की जा सकती है।

16 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ

मौसम विभाग ने 16 फरवरी से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना जताई है। इसके प्रभाव से 17 और 18 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर पश्चिम भारत के कुछ मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। हालांकि दिल्ली एनसीआर में इस पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश नहीं होगी,लेकिन बादलों की आवाजाही जरूर देखी जाएगी।

तीन दिन दिखेंगे बादल

मौसम विभाग ने दिल्ली में 16, 17 और 18 फरवरी को दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में आंशिक रूप से बादलों की आवाजाही का अनुमान लगाया है। दिल्ली में 14 फरवरी को न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस जबकि 15 और 16 फरवरी को इसके 12 से 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान जताया है। इसके बाद दिल्ली में 16, 17 और 18 फरवरी को न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है।

19 फरवरी तक का हाल

दिल्ली में 16, 17 और 18 फरवरी को दिन में हवा की रफ्तार 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा तक देखी जा सकती है। इसके बाद 19 फरवरी को हवा की रफ्तार बढ़ने की संभावना है। दिल्ली में 19 फरवरी को हवा की रफ्तार 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा तक देखी जा सकती है। दिल्ली में 14 और 15 फरवरी को अधिकतम तापमान 26-28, इसके बाद 16 और 17 फरवरी को 27-29 डिग्री जबकि 17, 18 और 19 फरवरी को इसके 27-29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। एनसीआर में भी मौसम कमोबेश दिल्ली जैसा ही रहेगा।

More news