क्या दिल्ली फिर देखेगी यमुना का कहर, 2023 की वो भीषण बाढ़ है याद
क्या दिल्ली फिर देखेगी यमुना का कहर, 2023 की वो भीषण बाढ़ है याद

03 Sep 2025 |   40



 

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की गलियों में एक बार फिर डर की आहट देखी जा रही है।ये डर बारिश का नहीं, बल्कि दिल्ली की पहचान यमुना नदी का है।यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है।भारी बारिश और हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने से यमुना का जलस्तर बढ़ गया है।दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है।ऐसे में आसमान से बरसती बूंदें अब लोगों के दिलों में घबराहट पैदा कर रही हैं, क्योंकि उन्हें याद है साल 2023 का वो मंजर, जब यमुना ने दिल्ली को पानी में डुबो दिया था।

2023 की वो खौफनाक रात

आज भी उन लोगों की आंखों में वो रात घूमती है, जब घरों में 8-8 फीट तक पानी भर गया था,गलियों में नाव चलने लगी थीं,घरों के अंदर रखे सामान पानी में तैर रहे थे,लोग अपनी छतों पर खड़े होकर बस बेबसी से सबकुछ डूबते हुए देख रहे थे।यमुना का जलस्तर 208.66 मीटर तक पहुंच गया था,जो एक रिकॉर्ड था,वो सिर्फ एक बाढ़ नहीं थी,वो दिल्ली के लिए एक जल प्रलय थी।

1978 की त्रासदी

1978 में भी दिल्ली ने इसी तरह का दर्द सहा था। यमुना ने अपनी सारी सीमाएं तोड़ दी थीं। 5-6 सितंबर 1978 को यमुना का जलस्तर 207.49 मीटर तक पहुंच गया था। दिल्ली के मॉडल टाउन,मुखर्जी नगर जैसे इलाके पानी में समा गए थे। उस बाढ़ ने 18 लोगों की जान ले ली थी और हजारों को बेघर कर दिया।आज एक बार फिर यमुना का जलस्तर खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर जाते हुए दिख रहा है,तो दिल्लीवालों में वही पुराना डर बैठ रहा है। प्रशासन लोगों को सुरक्षित रहने की सलाह दे रहा है।

More news