कमोडिटी मार्केट में चौतरफा टूटे भाव,क्रूड 3 महीने और सोना-चांदी 12 महीने से ज्यादा के निचले स्तर पर,बेस मेटल हुए धड़ाम तो गेहूं-चीनी पड़ी नरम
कमोडिटी मार्केट में चौतरफा टूटे भाव,क्रूड 3 महीने और सोना-चांदी 12 महीने से ज्यादा के निचले स्तर पर,बेस मेटल हुए धड़ाम तो गेहूं-चीनी पड़ी नरम

19 Nov 2026 |   37



 

नई दिल्ली।कमोडिटी बाजार में गुरुवार को चौतरफा दबाव देखने को मिल रहा है।कच्चे तेल से लेकर सोना,चांदी,तांबा और अन्य बेस मेटल्स की कीमतों में गिरावट जारी है। अमेरिकी डॉलर में मजबूती,फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका,चीन की कमजोर मांग और एआई इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश को लेकर बढ़ती चिंताओं ने कमोडिटी बाजार की तेजी पर ब्रेक लगा दिया है।कच्चे तेल की कीमतें करीब 3 महीने के निचले स्तर पर हैं,जबकि सोना,चांदी और कई औद्योगिक धातुएं अपने कई महीनों के निचले स्तर पर पहुंच गई हैं।

नवंबर में कच्चे तेल में 20% की गिरावट

कच्चे तेल की कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है।ब्रेंट क्रूड 3 महीने के निचले स्तरों के करीब 92 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा है और नवंबर में अब तक करीब 20 फीसदी टूट चुका है।अमेरिकी क्रूड डब्ल्यूटीआई की कीमतों में भी तेज गिरावट आई है।

अमेरिका में कच्चे तेल के भंडार में 3.38 मिलियन बैरल की बढ़ोतरी 

अमेरिका में कच्चे तेल के भंडार में 3.38 मिलियन बैरल की बढ़ोतरी हुई है,जबकि गैसोलीन और डिस्टिलेट के स्टॉक में भी इजाफा दर्ज किया गया है।इन आंकड़ों ने बाजार में सप्लाई बढ़ने की आशंका को मजबूत किया है।अमेरिकी ऊर्जा सूचना प्रशासन के अनुमान के मुताबिक आने वाले समय में वैश्विक बाजार में तेल की सप्लाई मांग से अधिक रहने की आशंका भी कीमतों पर दबाव बना रही है।हालांकि‌ पश्चिम एशिया में जारी तनाव और तेल आपूर्ति मार्गों को लेकर जोखिम गिरावट को सीमित कर सकते हैं।फिलहाल बाजार में सप्लाई बढ़ने की आशंका इन जोखिमों पर भारी पड़ रही है।

मेटल्स में भारी बिकवाली

बेस मेटल्स में गिरावट का दबाव सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है।एआई इंफ्रास्ट्रक्चर और डेटा सेंटर से जुड़ी मांग को लेकर निवेशकों के नजरिए में बदलाव के कारण तांबे समेत कई औद्योगिक धातुओं में बिकवाली बढ़ गई है।निवेशक एआई ट्रेड में अपनी तेजी वाली पोजीशन कम कर रहे हैं।तांबे की कीमतों में रातोंरात करीब 5.4 फीसदी की गिरावट आई और यह करीब 7 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गयी।नवंबर में तांबा करीब 13 फीसदी टूट चुका है और साल 2026 में इसकी बढ़त लगभग समाप्त हो गई है।मजबूत डॉलर,चीन की कमजोर मांग और एआई निवेश की गति को लेकर चिंताओं ने तांबे पर दबाव बढ़ाया है।एल्युमीनियम करीब 51 सप्ताह के निचले स्तर पर पहुंच गया है और नवंबर में करीब 7 फीसदी गिर चुका है।जिंक में भी करीब 5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है, हालांकि यह साल 2026 में अब तक करीब 13 फीसदी की बढ़त बनाए हुए है।टिन की कीमतें 8 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गई हैं और नवंबर में करीब 8 फीसदी गिर चुकी हैं।वहीं पैलेडियम 19 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गया है और 1,000 डॉलर प्रति औंस के नीचे कारोबार कर रहा है।प्लेटिनम में भी करीब 4.25 फीसदी की गिरावट आई है।

सोना-चांदी में बड़ी गिरावट

कीमती धातुओं में भी बिकवाली का दबाव बना हुआ है।सोने की कीमतों में करीब 3.2 फीसदी की गिरावट आई है और यह 12 महीने से ज्यादा के निचले स्तर के आसपास पहुंच गयी है। साल 2026 में सोना करीब 13 फीसदी टूट चुका है।चांदी की कीमतों में करीब 4.8 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है और यह 14 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गई है।साल 2026 में चांदी करीब 36 फीसदी गिर चुकी है।फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका,डॉलर में मजबूती और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी ने सोना-चांदी की कीमतों पर दबाव बढ़ाया है।निवेशकों के लिए ऊंची ब्याज दरों के माहौल में बिना ब्याज देने वाली कीमती धातुओं को होल्ड करने की लागत बढ़ जाती है।

सॉफ्ट कमोडिटीज और कृषि उत्पादों में भी कमजोरी

सॉफ्ट कमोडिटीज और कृषि उत्पादों में भी गिरावट देखने को मिल रही है।गेहूं की कीमतों में करीब 4 फीसदी, कॉटन और कोको में करीब 3 फीसदी की गिरावट आई है।मक्का 14 सप्ताह के निचले स्तर पर पहुंच गया है, जबकि चीनी की कीमतें 2 महीने के निचले स्तर पर कारोबार कर रही हैं।

बाजार की नजर अब फेड और डॉलर पर

कमोडिटी बाजार में आगे की दिशा अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों को लेकर संकेत,डॉलर की चाल,चीन की मांग और वैश्विक सप्लाई के आंकड़ों पर निर्भर करेगी।यदि अमेरिकी महंगाई ऊंची बनी रहती है और फेड ब्याज दरें बढ़ाने का संकेत देता है तो कमोडिटी बाजार में दबाव आगे भी जारी रह सकता है।वहीं चीन से मांग में सुधार और सप्लाई संबंधी व्यवधान कीमतों को सहारा दे सकते हैं।

More news