आम आदमी की जेब पर महंगाई का दोहरा हमला,कई चीजों के बढ़े दाम,छोटे पैकेटों के वजन 7% तक घटे
आम आदमी की जेब पर महंगाई का दोहरा हमला,कई चीजों के बढ़े दाम,छोटे पैकेटों के वजन 7% तक घटे

18 Nov 2026 |   30



 

नई दिल्ली।आम आदमी की जेब पर महंगाई अब दोहरा हमला कर रही है।बीते एक साल में रोजाना इस्तेमाल होने वाली कई चीजों के दाम बढ़े हैं।वहीं कंपनियों ने कीमतों को एक स्तर पर बनाए रखने के लिए कई उत्पादों के पैकेट का वजन और मात्रा भी घटा दी है।इसका मतलब है कि ग्राहकों को अब पहले के मुकाबले कम सामान मिल रहा है और उसके लिए पैसे भी ज्यादा खर्च करने पड़ रहे हैं।

मिंट की रिपोर्ट के मुताबिक...

मिंट की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले बीते एक वर्ष के दौरान बिस्कुट,चिप्स,नमकीन,नूडल्स,साबुन,शैंपू,हेयर ऑयल और डिटर्जेंट जैसे उत्पादों की कीमतों और वजन में बदलाव देखने को मिल रहा है। कंपनियों ने छोटे पैकेटों में लगभग 2 से 7 फीसदी तक वजन कम किया है।वहीं एक किलो या इससे बड़े पैकेटों की कीमतों में करीब 5 से 6 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की गई है।इसके पीछे कंपनियों को तर्क रहा है कि कच्चे माल,पैकेजिंग और परिवहन की लागत बढ़ने के कारण कीमतें बढ़ाने और वजन कम करने के विकल्पों को चुना जा रहा है। ब्रिटानिया 5 से 10 रुपये वाले पैक न केवल महंगा करने जा रही बल्कि वजन भी घटाएगी।टाटा कंज्यूमर ने नमक, सॉस और अन्य प्रोडक्ट्स के दाम बढ़ा दिए हैं।

नूडल्स के पैकेट का वजन घटा

कई कंपनियों ने नूडल्स के पैकेट का वजन घटा दिया है। सात रुपये वाले पैकेट का वजन 35 ग्राम से घटाकर 32 ग्राम कर दिया गया है। इसी तरह 10 रुपये वाले पैकेट का वजन 52 से घटाकर 48 ग्राम और 15 रुपये वाले पैकेट का वजन 75 से घटाकर 70 ग्राम किया गया है। वहीं, बड़े पैकेटों में भी कटौती हुई है। 30 रुपये वाले पैकेट का वजन 150 से घटाकर 140 ग्राम, 60 रुपये वाले का 300 से 280 ग्राम, 90 रुपये वाले का 450 से 420 ग्राम और 120 रुपये वाले पैकेट का वजन 600 से 560 ग्राम किया गया है। इस तरह अधिकांश पैकेटों में करीब 7 प्रतिशत तक सामान कम हुआ है।

चिप्स के पांच रुपये वाले पैकेट का वजन आधे से भी कम

चिप्स और नमकीन के छोटे पैकेटों में भी वजन घटाने का ट्रेंड है। दो प्रमुख ब्रांडों के पांच रुपये वाले पैकेटों का वजन बीते तीन वर्षों में 25-30 ग्राम से घटकर 11-14 ग्राम रह गया है। सीधे तौर पर आधे से भी ज्यादा की कटौती हुई है। इसी तरह से डिटर्जेंट के दाम में 11 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है। क्विक वॉश एक किलो पैक 235 से बढ़कर 245 रुपये हुआ। ईजी वॉश एक किलो पैक 167 से बढ़कर 172 रुपये हुआ।

कंपनियां लागत बढ़ने का दे रही हवाला

कंपनियों का कहना है कि कच्चे माल, खाद्य तेल, पैकेजिंग और परिवहन की लागत बढ़ने से उत्पाद बनाना महंगा हुआ है। कंपनियों का कहना है कि उसकी लागत में महंगाई करीब 8 से 9 प्रतिशत रही है और कंपनी भारत में वजन में बदलाव समेत करीब 6 प्रतिशत मूल्य वृद्धि कर चुकी है।

अब प्रीमियम स्नैक्स बेचने पर भी जोर

5 रुपये वाले पैकेट पर मार्जिन गिरने की वजह से अब कंपनियां ज्यादा मुनाफे के लिए प्रीमियम स्नैक्स की रेंज भी बढ़ा रही हैं। इसमें कोरियन बीबीक्यू, चिली लेमन जैसे नए फ्लेवर, हेल्दी विकल्प और बड़े पैकेट शामिल हैं। इन उत्पादों को खासतौर पर युवा ग्राहकों और मॉडर्न रिटेल स्टोर को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है।गोपाल स्नैक्स ने पाम ऑयल फ्री उत्पाद 300 रुपए प्रति किलो कीमत वाले प्रीमियम नमकीन और 190 ग्राम के जिपर पैकेट लॉन्च किए हैं। कंपनी का मानना है कि अगले पांच वर्षों में इन उत्पादों की मांग बढ़ सकती है।

गोपाल स्नैक्स के सीईओ के मुताबिक...

गोपाल स्नैक्स के सीईओ राज बिपिनभाई हड़वानी के मुताबिक कंपनी हर साल 12-15 नए उत्पाद बाजार में उतारती है। इनमें से जिन उत्पादों को ग्राहकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिलता है, उनका उत्पादन बढ़ाया जाता है और बाकी को बंद कर दिया जाता है।तीन साल पहले उसके कुल रेवेन्यू में 5 रुपये वाले पैकेट की हिस्सेदारी 80 प्रतिशत थी, जो अब घटकर 60 प्रतिशत रह गई है। आने वाले समय में इसमें हर साल 5-10 प्रतिशत की और गिरावट आने की उम्मीद है।

क्विक कॉमर्स से भी बढ़ रही बड़े पैकेट की मांग

ब्लिंकिट,जेप्टो और स्विगी इंस्टामार्ट जैसे क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म भी बड़े पैकेट की बिक्री को बढ़ावा दे रहे हैं। इसकी वजह यह है कि 5 और 10 रुपए के छोटे पैकेट की डिलीवरी पर आने वाला खर्च कंपनियों के लिए फायदेमंद नहीं होता।
पारले प्रोडक्ट्स के मयंक शाह के मुताबिक क्विक कॉमर्स पर 30 से 80 रुप‌ए के बीच कीमत वाले उत्पादों की बिक्री ज्यादा व्यावहारिक है। ऐसे में इन प्लेटफॉर्म पर बड़े पैकेट की बिक्री को प्राथमिकता मिल रही है।

More news