लखनऊ।उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने अपनी चुनावी तैयारियों का औपचारिक आगाज कर दिया है।पार्टी ने शुक्रवार को 28 विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रभारियों की पहली सूची जारी की है।बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की कार्यशैली की तर्ज पर नियुक्त किए गए इन प्रभारियों को आगे चलकर संबंधित विधानसभा सीटों से पार्टी का उम्मीदवार भी बनाया जा सकता है।
इस सूची में सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश स्पष्ट नजर आ रही है। 28 प्रभारियों में 6 मुस्लिम,3 महिलाएं और 19 पुरुष शामिल हैं।सूची में मुस्लिम समुदाय को लगभग 21 प्रतिशत और महिलाओं को करीब 11 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया गया है,इसके अलावा अनुसूचित जाति,अन्य पिछड़ा वर्ग और मुस्लिम समुदाय के नेताओं को भी प्रमुखता से स्थान मिला है।
पश्चिमी यूपी पर आजाद समाज पार्टी का विशेष फोकस भी इस सूची से साफ झलकता है।मेरठ जिले की किठौर,मेरठ कैंट और मेरठ शहर विधानसभा सीटों सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।इससे संकेत मिलता है कि आज़ाद समाज पार्टी पश्चिमी यूपी में अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और चुनावी आधार को विस्तार देने की रणनीति पर काम कर रही है।
सियासी गलियारों में अब सबसे अधिक चर्चा इस बात को लेकर है कि क्या इन प्रभारियों को ही आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी का आधिकारिक प्रत्याशी बनाया जाएगा,यदि ऐसा होता है तो माना जाएगा कि चंद्रशेखर आजाद ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपनी चुनावी बिसात अभी से बिछानी शुरू कर दी है।फिलहाल पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में पहला बड़ा कदम उठाकर अपने राजनीतिक इरादे स्पष्ट कर दिए हैं।