श्रीनगर।जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को दक्षिण कश्मीर में पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर में प्रथम पूजा की।इसके साथ ही तीन जुलाई से शुरू हो रही वार्षिक अमरनाथ यात्रा की औपचारिक शुरुआत हो गई।
मनोज सिन्हा ने बाबा बर्फानी के दर्शन और आशीर्वाद लिया और सभी के लिए शांति,समृद्धि,स्वास्थ्य और भलाई के लिए प्रार्थना की। मनोज सिन्हा ने बाबा बर्फानी के भक्तों से बड़ी संख्या में तीर्थयात्रा में शामिल होने की अपील करते हुए इस आध्यात्मिक यात्रा का अनुभव करने का भी अनुरोध किया।
मनोज सिन्हा ने कहा कि प्रशासन श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अलावा सेना,पुलिस,सुरक्षा बल,स्थानीय समुदाय,सेवा प्रदाता और स्वयंसेवक भक्तों के लिए सुरक्षित,निर्बाध और यादगार तीर्थयात्रा के लिए पूरी तरह से समन्वय बनाकर काम कर रहे हैं।
मनोज सिन्हा ने कहा कि बेहतर बुनियादी ढांचा,अच्छी सुविधाओं और लोगों के सहयोग के साथ अधिकारी तीर्थयात्रियों का आध्यात्मिक रूप से संतोषजनक यात्रा के लिए स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
बता दें कि श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड प्रतिवर्ष ज्येष्ठ पूर्णिमा पर गुफा मंदिर में प्रथम पूजा का आयोजन करता है। 57 दिनों की अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई को दो पारंपरिक मार्गों, अनंतनाग जिले में पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले में बालटाल मार्ग से औपचारिक रूप से प्रारंभ हो जाएगी।अमरनाथ यात्रा 28 अगस्त को रक्षा बंधन पर खत्म होगी।
इस मौके पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के साथ पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात,विशेष डीजी एसजेएम गिलानी, एसएएसबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनदीप भंडारी और कश्मीर के मंडल आयुक्त अंशुल गर्ग ने भी बाबा बर्फानी के दर्शन किए।