राम को लाने का दावा करने वाले खुद हार गए राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने खूब सुनाया
राम को लाने का दावा करने वाले खुद हार गए राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने खूब सुनाया

20 Jun 2026 |   14



ब्यूरो सुनील कुमार पाण्डेय 

अयोध्या।राम मंदिर चढ़ावा चोरी के कथित मामले को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत में घमासान मच गया है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा समाजवादी पार्टी पर अयोध्या को बदनाम करने और राम विरोधी होने के आरोपों पर फैजाबाद से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने तीखा पलटवार किया है।सपा सांसद ने कहा कि जो लोग दावा करते थे कि हम राम को लाए हैं,राम हमें लाएंगे उन्हें 2024 के लोकसभा चुनाव में भगवान राम ने खुद नकार दिया।प्रभु श्रीराम तो अवधेश प्रसाद को लेकर आए हैं।सपा सांसद ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग राम के नाम पर व्यापार और कारोबार करने वाले लोग हैं,जबकि असली आस्था समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के मन में है।

भगवान राम जिस रास्ते से गुजरे,जनता ने वहां भाजपा को हरा दिया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आरोपों को सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने पूरी तरह निराधार बताया।सपा सांसद ने कहा कि 2024 के चुनाव नतीजों ने साफ कर दिया है कि भगवान राम किससे नाराज हैं।सपा सांसद ने कहा कि भाजपा के लोग राम के नाम के व्यापारी हैं।लोकसभा चुनाव में इन्होंने अयोध्या (फैजाबाद) सीट तो हारी ही साथ ही इससे सटी हुई बाराबंकी,सुल्तानपुर,प्रतापगढ़,अंबेडकरनगर और इलाहाबाद की सीटें भी हार गए।सपा सांसद ने कहा कि भगवान राम वनवास के समय और रामायण काल में चित्रकूट और इलाहाबाद समेत जिस रास्ते से भी गुजरे थे,उस पूरे मार्ग की सभी सीटें उत्तर प्रदेश की देवतुल्य जनता ने समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन की झोली में डाल दी। 80 पार का नारा देने वाली भाजपा उत्तर प्रदेश में बुरी तरह हारी है और सूबे की जनता ने 43 सीटें (37 सपा और 6 कांग्रेस) गठबंधन को देकर यह साबित कर दिया है कि असली आस्थावान कौन है।

अखिलेश यादव मंदिर पूरा बनने पर सपरिवार दर्शन करने आएंगे

सीएम योगी द्वारा विधानसभा सत्र के दौरान सपा विधायकों को अयोध्या न जाने देने और अखिलेश यादव के अब तक दर्शन न करने के सवाल पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने स्थिति साफ की।कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव निश्चित रूप से अयोध्या आएंगे।जब राम मंदिर का निर्माण कार्य पूरी तरह संपन्न हो जाएगा तब वह अपने पूरे परिवार के साथ मर्यादा पुरुषोत्तम के दर्शन करने पहुंचेंगे।सपा सांसद ने खुद के बारे में कहा कि वह तो रामलला के सेवक और कार्यकर्ता हैं,जो महीने में कम से कम दो बार हनुमानगढ़ी और मां सरयू के दर्शन करने लगातार जाते रहते हैं।

मनोज पांडे के इस्तीफे पर बोलने से बचे

सपा छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाले ऊंचाहार के विधायक मनोज पांडे को लेकर जब सवाल पूछा गया तो अवधेश प्रसाद ने ज्यादा बोलने से परहेज किया।सपा सांसद ने सिर्फ इतना कहा कि 'मनोज पांडे ने किस परेशानी में,किस काम के लिए इस्तीफा दिया,मैं इसका खुलासा नहीं करना चाहता,वह हमारे साथ मंत्रिमंडल में रहे हैं,पीछे बैठते थे, लेकिन अब जो हमारे घर से चला गया है,उस पर बात करने का कोई मतलब नहीं है।

एसआईटी जांच में होगा दूध का दूध और पानी का पानी

राम मंदिर के चढ़ावे और दानपात्र में कथित गड़बड़ी और चोरी के मुद्दे पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि इस पूरे महाघोटाले को उजागर करने का श्रेय पूरी तरह से सपा प्रमुख अखिलेश यादव को जाता है,जिन्होंने करीब 10-12 दिन पहले इस मुद्दे को उठाया था।चोरी की गहराई और दोषियों के सवाल पर सपा सांसद ने कहा कि चूंकि अब राज्य सरकार ने एसआईटी (SIT) का गठन कर दिया है और मामला जांच के अधीन है, इसलिए रिपोर्ट आने से पहले किसी को सीधे दोषी ठहराना न्यायसंगत नहीं होगा।सपा सांसद ने उम्मीद जताई कि एसआईटी ईमानदारी से जांच करेगी और दोषियों को सामने लाकर दूध का दूध और पानी का पानी अलग करेगी।

More news