दिल्ली के सबसे बड़े आनंद विहार बस अड्डे पर हाईटेक पहरा, 24 घंटे रहेगा कैमरों की नजर में
दिल्ली के सबसे बड़े आनंद विहार बस अड्डे पर हाईटेक पहरा, 24 घंटे रहेगा कैमरों की नजर में

27 Jan 2026 |   37



 

नई दिल्ली।रेखा गुप्ता सरकार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सबसे बड़े आनंद विहार बस अड्डे को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक योजना पर काम कर रही है।यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बस अड्डे पर अत्याधुनिक निगरानी प्रणाली लागू की जाएगी।इसके तहत आनंद विहार बस अड्डे पर आधुनिक सीसीटीवी कैमरे और फुल ट्रैफिक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा।सराय काले खां बस अड्डे को भी इसी तरह से आधुनिक सुरक्षा से लैस किया जाएगा।

अधिकारियों का ये कहना है 

अधिकारियों का कहना है कि योजना के अंतर्गत आनंद विहार बस अड्डे के प्रत्येक प्रवेश और निकास द्वार व अन्य स्थानों पर लगभग पैंतीस सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।ये कैमरे चौबीस घंटे सक्रिय रहेंगे और इनका सीधा नियंत्रण कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से किया जाएगा। कैमरों की मदद से यात्रियों की आवाजाही पर नजर रखी जा सकेगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई संभव होगी।

अपराध नियंत्रण और महिला सुरक्षा पर जोर

निगरानी तंत्र के जरिए बस अड्डे पर होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जाएगा।जेबकतरों, असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों की पहचान आसान होगी।खासतौर पर महिला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील स्थानों पर ये कैमरे लगाए जाएंगे,जिससे महिलाओं को सुरक्षित माहौल मिल सके।

यातायात व्यवस्था सुधारने में मदद करेगा सिस्टम

इस परियोजना में एफटीसीएस यानी फुल ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम को भी शामिल किया गया है।इसके माध्यम से बसों की आवाजाही,पार्किंग व्यवस्था,जाम की स्थिति और आपात हालात पर नजर रखी जाएगी।ट्रैफिक नियंत्रण बेहतर होने से बसों का संचालन सुचारु रहेगा और यात्रियों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी।

देश के सबसे व्यस्त बस अड्डों में शामिल आनंद विहार 

बता दें कि आनंद विहार बस अड्डा देश के सबसे व्यस्त अंतरराज्यीय बस अड्डों में शामिल है।आनंद विहार से रोज हजारों यात्री बिहार, उत्तर प्रदेश,उत्तराखंड और अन्य राज्यों के लिए सफर करते हैं।यात्रियों की संख्या को देखते हुए लंबे समय से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग उठ रही थी। इसके साथ ही सराय काले खां बस अड्डा को भी आधुनिक रूप से विकसित किया जा रहा है।

ट्रासंपोर्ट हब बन चुका है आनंद विहार

आनंद विहार अब राजधानी दिल्ली का सबसे बड़ा ट्रांसपोर्ट हब बन चुका है।सिर्फ बस अड्डा ही नहीं,रेलवे स्टेशन,मेट्रो और रैपिड ट्रेन का स्टेशन भी आनंद विहार में है।ऐसे में लगातार यहां भीड़ बढ़ती जा रही है।रेखा गुप्ता सरकार का मानना है कि इस योजना के लागू होने से आनंद विहार बस अड्डे की तस्वीर बदलेगी।सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ यातायात नियंत्रण और आपात प्रबंधन में भी सुधार होगा। यह परियोजना राजधानी में स्मार्ट और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

More news