चाइनीज मांझे पर सीएम योगी सख्त,यूपी किया बैन, लखनऊ में कल हुई थी दर्दनाक मौत
चाइनीज मांझे पर सीएम योगी सख्त,यूपी किया बैन, लखनऊ में कल हुई थी दर्दनाक मौत

05 Feb 2026 |   21



ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी 

लखनऊ।राजधानी लखनऊ के बाजारखाला में चीनी मांझे में फंसकर एक युवक की मौत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्ती दिखाई है।सीएम ने उत्तर प्रदेश में चीनी मांझे के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है। सीएम ने इस संबंध में पुलिस अधिकारियों को यूपी में छापेमारी करने का निर्देश दिया है।सीएम ने यह भी कहा कि चीनी मांझे से होने वाली मौतों को हत्या माना जाएगा।पूरे राज्य में की गई कार्रवाई की उच्च स्तर पर समीक्षा की जाएगी।

बता दें कि बुधवार को बाजारखाला में पतंग की डोर ने एक युवक का गला रेत गया।इस दौरान गले की नस कट जाने से युवक की दर्दनाक मौत हो गई।वहीं कुछ दिन पहले हवा में उड़ती पतंग के तार के हाईटेंशन लाइन पर गिर जाने से मेट्रो ट्रेनें जहां की तहां रुक गई थीं।

हाल ही में हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पूछा कि प्रतिबंध के बावजूद बाजार में चाइनीज़ मांझा कैसे उपलब्ध हो रहा है। सीएम ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाकर ऐसे मांझे की बिक्री,भंडारण और सप्लाई करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

सीएम योगी ने यह भी कहा कि चाइनीज़ मांझे से होने वाली मौतों को गंभीर अपराध माना जाएगा और जरूरत पड़ने पर ऐसे मामलों को हत्या की श्रेणी में दर्ज किया जा सकता है। इसके साथ ही अधिकारियों को जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि लोग इस खतरनाक मांझे के इस्तेमाल से बचें और सुरक्षित विकल्प अपनाएं।सीएम ने पुलिस प्रमुखों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अवैध मांझे की सप्लाई चेन की पहचान कर बड़े स्तर पर छापेमारी की जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

आपको बता दें कि राजधानी लखनऊ के बाजारखाला हैदरगंज ओवरब्रिज पर बुधवार दोपहर मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार दुबग्गा के सीते बिहार निवासी सैयद शोएब (34) की गर्दन कटने मौत हो गई। खून से लथपथ होकर शोएब बाइक समेत गिर गए और करीब 10 मिनट तक तड़पते रहे। राहगीरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।शोएब मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव थे।

More news