चोरों ने आस्था को बनाया निशाना,अवसानेश्वर महादेव मंदिर के गर्भगृह में की 8 किलो चांदी समेत 25 लाख की चोरी
चोरों ने आस्था को बनाया निशाना,अवसानेश्वर महादेव मंदिर के गर्भगृह में की 8 किलो चांदी समेत 25 लाख की चोरी

04 Feb 2026 |   36



 

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ में श्री अवसानेश्वर महादेव मंदिर में मंगलवार रात चोरों ने आस्था को निशाना बनाया।चोर मंदिर के गर्भगृह तक घुस गए और चांदी के छत्र समेत लगभग 8 किलो चांदी और अन्य कीमती पूजा सामग्री लेकर फरार हो गए।चोरी की कुल कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताती जा रही है।

बुधवार सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर चोरी का खुलासा हुआ।सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू की। साथ ही मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस के मुताबिक चोरों ने मंदिर के चैनल गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया।प्रत्यक्ष संकेतों से सामने आया है कि एक चोर ने मंकी मास्क पहन रखा था,जिससे पहचान छिपाई जा सके।हैदरगढ़ के कोतवाल अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

बता दें कि मंदिरों में चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है। बुधवार सुबह ही जानकारी मिली कि बड्डूपुर थाना क्षेत्र के भगौली तीर्थ स्थित मंदिर से भी पूजा सामग्री चोरी कर ली गई। पिछले एक महीने के अंदर जिले के कई मंदिरों में चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं,जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

More news