नोएडा के बाद क्या अशोक नगर का मिथक तोड़ेंगे यूपी सीएम योगी या सही निकलेगी ये बात
नोएडा के बाद क्या अशोक नगर का मिथक तोड़ेंगे यूपी सीएम योगी या सही निकलेगी ये बात

04 May 2024 |  46




भोपाल।मध्य प्रदेश के अशोक नगर को लेकर यह मिथक है कि जो भी मुख्यमंत्री यहां पर जाते हैं वो अपनी मुख्यमंत्री पद गंवा देते हैं।यही कारण है कि कई मुख्यमंत्री यहां जाने से बचते हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव के बाद एक बार फिर आम चुनावों में प्रचार करने के लिए शनिवार को अशोक नगर पहुंचे।यूपी सीएम योगी के दौरे के बाद मिथक को लेकर सियासी अटकलों का दौर एक बार फिर शुरू हो गया है।

मध्य प्रदेश की सियासत में एक अजीब मिथक आज भी जिंदा है।अशोक नगर के मिथक को कई राजनेता सही मानते हैं तो कई महज इत्तेफाक, लेकिन अगर आंकड़ों की मानें तो अब तक मध्य प्रदेश के 8 नेता ऐसे हैं जो मुख्यमंत्री रहते अशोक नगर शहर आए और कुछ समय बाद या अगले चुनाव में मुख्यमंत्री नहीं बन सके। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जिले में तो कई बार आए, लेकिन अशोकनगर शहर नहीं गए।

अब तक 8 सीएम खो चुके हैं कुर्सी

1975 – सीएम प्रकाशचन्द सेठी

1977- सीएम श्यामाचरण शुक्ल, वीरेंद्र सखलेचा, कैलाश जोशी
1983- सीएम अर्जुन सिंह
1986- सीएम मोतीलाल वोरा
1992- सीएम सुंदरलाल पटवा
2003- दिग्विजय सिंह

यह सारे मुख्यमंत्री रहते अशोक नगर गए और इसके कुछ समय बाद ही इन्हें अपनी कुर्सी खोनी पड़ी।

सीएम योगी ने तोड़ा नोएडा के मिथक

अशोक नगर के मामले को लेकर राजनीतिक विश्लेषक डॉ. सत्यप्रकाश शर्मा का कहना है कि आज के जमाने के राजनेताओं के लिए शगुन-अपशगुन जैसी चीज नहीं रहती। इससे पहले भी योगी आदित्यनाथ नोएडा जा चुके हैं, जहां के लिए भी इस तरह की बातें होती हुई आई हैं। अशोक नगर में यह उनका दूसरा दौरा है।हालांकि सीएम योगी जब पिछली बार यहां प्रचार करने आए थे तो बीजेपी को हर का सामना करना पड़ा।कई सीएम अशोक नगर गए फिर वह सीएम नहीं रहे, लेकिन सीएम योगी के बारे में यह नहीं कहा जा सकता क्योंकि वह नोएडा का मिथक तोड़ चुके हैं।

कांग्रेस के नेता जनता के बीच काम नहीं करते:भाजपा

अशोक नगर को लेकर गरमाई सियासत के बीच भाजपा का कहना है कि इस तरह के मिथक कांग्रेस पार्टी और उनके नेता मानते हैं जो जनता के बीच काम नहीं करते।सीएम योगी नोएडा और हमारे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव उज्जैन रहकर आए। बाबा महाकाल का आशीर्वाद हमारे साथ है।यह सारी बातें कांग्रेस के नेता करते हैं।भाजपा के साथ जनता और ईश्वर दोनों का आशीर्वाद है।

अब देखते हैं आगे क्या होता है: कांग्रेस

अशोक नगर को लेकर कांग्रेस के सीनियर नेता केके मिश्रा ने कहा कि एक तरह की किवदंती बनी हुई है। हमने भी सुना है कि अशोक नगर में अगर कोई मुख्यमंत्री जाता है तो अगली बार मुख्यमंत्री के रूप में नहीं होता है।उज्जैन में बाबा महाकाल हैं तो कहा जाता है कि वहां एक ही राजा रह सकता है,लेकिन हमारे मुख्यमंत्री मोहन यादव तो वहीं के निवासी हैं। अपना घर नहीं छोड़ सकते।किवदंती है,लेकिन कुछ हकीकत भी इसमें शामिल है।अब देखते हैं क्या होता है।साथ ही उन्होंने कहा कि जनता अपने विवेक से फैसला करती है,लेकिन ईवीएम ने उसके विवेक पर प्रश्न चिन्ह लगा दिया है।

एमपी में बाकी है दो चरणों का चुनाव

मध्य प्रदेश में इस समय राजनीतिक सरगर्मी चरम पर चल रही है।दो चरणों के चुनाव प्रदेश में पूरे हो चुके हैं।वही अभी चुनाव के दो चरण बाकी हैं,जिसमें भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है।बाकी दो चरण के चुनाव में पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया जैसे नेताओं की साख दाव पर लगी है।

More news