ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी
लखनऊ।उत्तर प्रदेश को मई में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का एक और तोहफा मिल सकता है।भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के पहले पैकेज का काम 15 मई तक पूरा करने का दावा किया है।इसके बाद किसी भी दिन एक्सप्रेसवे का उद्घाटन हो सकता है।बता दें कि लखनऊ से कानपुर जाने में अभी ढाई से तीन घंटे का समय लगता है। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के बनने से समय घटकर 35 मिनट का हो जाएगा।
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का फस्ट पैकेज सरोजनीनगर में सैनिक स्कूल से बनी तक है,इसका निरीक्षण करने के बाद ही पूर्णता प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा।एक्सप्रेसवे का फस्ट पैकेज 18 किलोमीटर का है।वहीं पैकेज सेकंड बनी के आगे प्रधान ढाबा से आजाद चौक टोल होते हुए ट्रांस गंगा सिटी तक गया है,ये 45 किलोमीटर का है। इसका पूर्णता प्रमाणपत्र फरवरी 2026 में संबंधित एजेंसी को दिया जा चुका है।
वर्तमान में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के शिवपुरा (खांडेदेव) में टोल बैरियर लगाने का काम अभी किया जा रहा है। इसके अलावा एलीवेटेड रोड पर फिनिशिंग का काम बाकी है।वहीं दारोगा खेड़ा में कट बंद होना बाकी है।स्थानीय लोगों के विरोध के कारण यह कट अभी तक बंद नहीं हो सका है।
एनएचएआई को 4700 करोड़ के इस प्रोजेक्ट को जुलाई 2025 में पूरा करना था,लेकिन इसकी तारीख लगातार बढ़ती जा रही है।तीन महीने के ग्रेस पीरियड के दौरान काम को खत्म करने की बात कही गई थी,जो अक्टूबर 2025 तक था।उस दौरान भी बिजली विभाग से शटडाउन न मिलने से काम नहीं हो सका। अब इसे 15 मई तक खत्म करने की बात कही जा रही है।
बता दें कि लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश का पहला 63 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे है,जहां ट्रामा सेंटर की सुविधा भी मिलेगी। एक्सप्रेसवे के दाएं और बाएं हरियाली के लिए 46 हजार पेड़ लगाए जा रहे हैं।इसके अलावा यह एक्सप्रेसवे लखनऊ के साथ ही आउटर रिंग रोड,उन्नाव,लालगंज,कानपुर के साथ ही स्टेट हाईवे जुनाबगंज होते हुए मोहनलालगंज और हरौनी होते हुए मोहान रोड को जोड़ने का काम करेगा।