आईवीआरआई में राष्ट्रपति मुर्मू के संबोधन की बड़ी बातें,पशु चिकित्सा में बेटियों की भागीदारी शुभ संकेत
आईवीआरआई में राष्ट्रपति मुर्मू के संबोधन की बड़ी बातें,पशु चिकित्सा में बेटियों की भागीदारी शुभ संकेत

30 Jun 2025 |   30



 

बरेली।भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान के 11वें दीक्षांत समारोह में सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वामी विवेकानंद सभागार में स्नातक,मास्टर और डॉक्टरेट डिग्री के विद्यार्थियों को अपने हाथ से प्रमाण पत्र और गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया।राष्ट्रपति ने पशु चिकित्सा क्षेत्र में उपाधि और पदक पाने वाले मेधावियों को बधाई दी और कहा कि इस समारोह में छात्राओं की बड़ी संख्या में देखकर गर्व की अनुभूति होती है।बेटियां अन्य क्षेत्रों की तरह पशु चिकित्सा क्षेत्र में भी आगे रही हैं। यह बहुत ही शुभ संकेत है। 

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने कहा कि आप सब ने निरीह और बेजुबान पशुओं की चिकित्सा और कल्याण के क्षेत्र को अपने करियर के रूप में चुना है।इस चुनाव के पीछे सर्वे भवन्तु सुखिन:सर्वे सन्तु निरामया:की भारतीय सोच का भी योगदान रहा है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि ईशावास्यम् इदम् सर्वम् के जीवन मूल्य पर आधारित हमारी संस्कृति,सभी जीव-जंतुओं में ईश्वर की उपस्थिति को देखती है।पशुओं से हमारे देवताओं व ऋषि-मुनियों का संवाद होता है।भगवान के कई अवतार भी इसी विशिष्ट श्रेणी में हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि चिकित्सक या शोधकर्ता के रूप में कार्य करें तो बेजुबान पशुओं के कल्याण की भावना मन में हो। पशु और मानव में एक परिवार का रिश्ता है। 

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि पशुओं में बीमारियों की रोकथाम में टीकाकरण की अहम भूमिका है।पशु चिकित्सा अनुसंधान में आईवीआरआई से जुड़े वैज्ञानिकों व शोधकर्ताओं का योगदान सराहनीय है। राष्ट्रपति ने कहा कि इस संस्थान ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियों को प्राप्त किया है।राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम में अनके टीके यहीं पर विकसित किए गए हैं। यह गर्व की बात है। 

द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि पशु हमारे लिए साधन (परिवहन के लिए) और किसानों के लिए बल रहे हैं।पशु के बिना किसान आगे नहीं बढ़ सकता है,पशु जीवन धन हैं,उनके बिना हम जिंदगी सोच नहीं सकते। 

राष्ट्रपति मुर्मू ने विलुप्त हो रहे जीव-जंतुओं पर चिंता जताई। राष्ट्रपति ने कहा कि जब विभिन्न प्राणियों का संवर्धन होगा, तब जैव-विविधता बढ़ेगी और यह धरती तथा मानव जाति खुशहाल होगी।भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान जैसी संस्थाओं से अपील है कि वे जैव-विविधता को बढ़ाने में अग्रणी भूमिका निभाएं और आदर्श प्रस्तुत करें।

बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुबह लगभग 9:50 बजे भारतीय वायु सेना के विमान से त्रिशूल एयरबेस पर उतरीं।एयरबेस पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल,मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपति का स्वागत किया।इस दौरान झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार,केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान,कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी भी मौजूद रहे।

More news