हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीख की आज होगी घोषणा,जानें चुनाव से जुड़ी खास बातें
हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीख की आज होगी घोषणा,जानें चुनाव से जुड़ी खास बातें



16 Aug 2024 |  56




चंडीगढ़।हरियाणा विधानसभा चुनाव की बिसात बिछ चुकी है। आज शुक्रवार को चुनाव आयोग तारीखों की घोषणा भी कर देगा।निर्वाचन आयोग ने लगभग तीन बजे के आसपास प्रेस कांफ्रेंस बुलाई है,लेकिन अभी तक ये नहीं बताया कि किन राज्यों के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी।हरियाणा और महाराष्ट्र की विधानसभाओं का कार्यकाल क्रमशः तीन नवंबर और 26 नवंबर को खत्म हो रहा है।

हरियाणा में सरकार बनाने के लिए कितनी सीट जीतना जरूरी

हरियाणा में सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 46 सीटों का है। साल 2019 विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी बहुमत से दूर रह गई थी।तब भाजपा को 40 सीटों पर जीत मिली थी और कांग्रेस ने 31 सीटें जीती थीं। जननायक जनता पार्टी को 10 और इनेलो ने 1 सीट पर जीत हासिल की थी।एक सीट हरियाणा लोकहित पार्टी को जीत मिली थी।जबकि बाकी सीटों पर निर्दलीय जीते थे।इससे पहले साल 2014 में भाजपा ने 47 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी।

चुनाव आयोग की टीम ने किया हरियाणा का दौरा

हरियाणा में 12-13 अगस्त को चुनाव आयोग की टीम ने दो दिन का दौरा किया था और तैयारियों का जायजा लिया था। निर्वाचन आयोग की जम्मू-कश्मीर में भी विधानसभा चुनाव 30 सितंबर से पहले कराने की भी योजना है।यह समय सीमा सुप्रीम कोर्ट ने तय की है।आयोग ने चुनाव संबंधी तैयारियों का जायजा लेने के लिए हाल में जम्मू-कश्मीर और हरियाणा का दौरा किया था,लेकिन उसने महाराष्ट्र का दौरा अभी तक नहीं किया है।चुनाव आयोग ने 2019 में हरियाणा में विधानसभा के चुनाव की घोषणा 27 सितंबर को की थी।तब 21 अक्टूबर को वोटिंग हुई थी।वहीं चुनाव नतीजे 24 अक्टूबर को घोषित हुए थे।हरियाणा में विधानसभा सीटों की संख्या 90 है।इसमें 17 सीटें अनुसूचित जाति के लिए रिजर्व हैं।

हरियाणा विधानसभा चुनाव से जुड़ी खास बातें

हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़े जाएंगे। चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार,चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और डॉ. एसएस संधू ने हरियाणा का दौरा किया था।

चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्य चुनाव अधिकारी पंकज अग्रवाल सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक भी गई थी।

हरियाणा में भाजपा सरकार है। 3 नवंबर 2024 को सरकार का कार्यकाल खत्म हो जाएगा।ऐसे में चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी है ताकि नई सरकार का गठन हो सकें।

हरियाणा विधानसभा चुनाव में कुल 2.01 करोड़ मतदाता मतदान करेंगे।इनमें 1.06 करोड़ पुरुष मतदाता और 95 लाख महिला मतदाता हैं।

विधानसभा चुनाव को लेकर हरियाणा में भाजपा,कांग्रेस और आम आदमी पार्टी तमाम पार्टियां एक्शन में है।भाजपा, कांग्रेस,जेजेपी,इनेलो के अलावा इस बार आम आदमी पार्टी भी 90 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है।

भाजपा और कांग्रेस के अलावा इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) और बसपा का गठबंधन भी राज्य की सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए मैदान में है।

भाजपा के साथ मिलकर हरियाणा में सरकार चलाने वाली जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) ने इस बार अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है।

क्या छोटी पार्टियां बिगाड़ेगी कांग्रेस-भाजपा का खेल

एक तरफ जहां भाजपा के लिए हरियाणा में फिर से चुनाव जीतना किसी चुनौती से कम नहीं है तो वहीं कांग्रेस हरियाणा में वापसी की उम्मीद कर रही है।जबकि दिल्ली और पंजाब में सरकार चला रही आम आदमी पार्टी को इस बार हरियाणा चुनाव में काफी उम्मीदें हैं।यही वजह है कि आप के नेता चुनाव को लेकर कमर कस चुके हैं।पूर्व सांसद राजकुमार सैनी की लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी भी चुनाव लड़ने के लिए तैयार है।कुल मिलाकर इस बार का हरियाणा में विधानसभा चुनाव बेहद दिलचस्प होगा।हालांकि मुख्य लड़ाई भाजपा और कांग्रेस के बीच मानी जा रही है,लेकिन छोटी पार्टियां भी इस बार दोनों पार्टियों का चुनावी गणित बिगाड़ सकती हैं।

More news