अमेठी-रायबरेली में नजर आया सपा-कांग्रेस गठबंधन, राहुल-केएल शर्मा के साथ दिखाई दिए हजारों सपा कार्यकर्ता
अमेठी-रायबरेली में नजर आया सपा-कांग्रेस गठबंधन, राहुल-केएल शर्मा के साथ दिखाई दिए हजारों सपा कार्यकर्ता

03 May 2024 |  38





लखनऊ।देश की चर्चित लोकसभा रायबरेली और अमेठी से हर कोई कांग्रेस के प्रत्याशी के नाम की घोषणा का इंतजार कर रहा था।शुक्रवार सुबह कांग्रेस ने लंबी चुप्पी के बाद प्रत्याशियों की घोषणा की।राहुल गांधी ने रायबरेली से और किशोरी लाल शर्मा ने अमेठी से नामांकन किया। राहुल गांधी और केएल शर्मा के नामांकन में इंडिया गठबंधन एक साथ नजर आया।कांग्रेस के साथ सपा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जुटे।सपा कार्यकर्ता केएल शर्मा और राहुल गांधी के नामांकन जुलूस में शामिल हुए। रायबरेली में सपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए।

रायबरेली में दिखाई दी जबर्दस्त गर्मजोशी

राहुल गांधी को रायबरेली से प्रत्याशी घोषित होते ही रायबरेली के केंद्रीय कार्यालय में कार्यकर्ता सुबह से जुटने शुरू हो गए। 10 बजे तक बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुट गए। केंद्रीय कार्यालय से राहुल गांधी के जुलूस को निकलकर नामांकन करना था। 11 बजे अचानक हजारों की संख्या में सपा कार्यकर्ता झंडा और बैनर लिए इस जुलूस में शामिल हो गए। सपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पूरी तरह से घुले-मिल ग‌ए। सपा के कार्यकर्ता अखिलेश यादव के साथ राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। देखो देखो कौन आया, शेर आया शेर आया। राहुल गांधी के साथ चस्पा हुए इस नारे को सपा कार्यकर्ता भी जोश के साथ लगा रहे थे। कार्यकर्ताओं के साथ सपा के स्थानीय नेता और पदाधिकारी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। वह बकायदा कांग्रेस कार्यालय में जमे रहे और जुलूस के साथ कलेक्ट्रेट तक गए।

अमेठी में भी साथ दिखे सपा कार्यकर्ता

रायबरेली के साथ शुक्रवार को ही अमेठी में भी कांग्रेस प्रत्याशी केएल शर्मा ने नामांकन किया। केएल शर्मा के साथ भी बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता दिखे। अमेठी में भी सपा और कांग्रेस के साथ पीडीए के झंडे लहरा रहे थे। अमेठी के स्थानीय सपा नेता भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

बता दें कि रायबरेली लोकसभा से राहुल गांधी ने आज शुक्रवार को नामांकन कर दिया है।आज सुबह ही कांग्रेस ने अमेठी और रायबरेली लोकसभा प्रत्याशियों की घोषणा की। राहुल गांधी ने दोपहर करीब सवा दो बजे कलेक्ट्रेट में नामांकन किया। राहुल गांधी के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मौजूद रहे।आज सुबह ही राहुल गांधी विशेष विमान से दिल्ली से फुरसतगंज पहुंचे।फुरसतगंज से राहुल गांधी रायबरेली आए। रायबरेली के केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय में पूजा करने के बाद राहुल गांधी का नामांकन जुलूस निकला। भारी भीड़ इस जुलूस में शामिल रही।

More news